मन-मोहिनी प्रकृति की गोद में जो बसा है। सुख-स्वर्ग-सा जहाँ है वह देश कौन-सा है? जिसका चरण निरंतर रतनेश धो रहा है। जिसका मुकुट हिमालय वह देश कौन-सा है? नदियाँ जहाँ सुधा की धारा बहा रही हैं। सींचा हुआ सलोना वह देश कौन-सा है? जिसके बड़े रसीले फल, कंद, नाज, मेवे। सब अंग में सजे हैं, वह देश कौन-सा है? जिसमें सुगंध वाले सुंदर प्रसून प्यारे। दिन रात हँस रहे है वह देश कौन-सा है? मैदान, गिरि, वनों में हरियालियाँ लहकती। आनंदमय जहाँ है वह देश कौन-सा है? जिसकी अनंत धन से धरती भरी पड़ी है। संसार का शिरोमणि वह देश कौन-सा है? सब से प्रथम जगत में जो सभ्य था यशस्वी। जगदीश का दुलारा वह देश कौन-सा है? पृथ्वी-निवासियों को जिसने प्रथम जगाया। शिक्षित किया सुधारा वह देश कौन-सा है? जिसमें हुए अलौकिक तत्वज्ञ ब्रह्मज्ञानी। गौतम, कपिल, पतंजलि, वह देश कौन-सा है? छोड़ा स्वराज तृणवत आदेश से पिता के। वह राम थे जहाँ पर वह देश कौन-सा है? निस्वार्थ शुद्ध प्रेमी भाई भले जहाँ थे। लक्ष्मण-भरत सरीखे वह देश कौन-सा है? देवी पतिव्रता श्री सीता जहाँ हुईं थीं। माता पिता जगत का वह देश कौन-सा है? आदर्श नर जहाँ पर थे बालब्रह्मचारी। हनुमान, भीष्म, शंकर, वह देश कौन-सा है? विद्वान, वीर, योगी, गुरु राजनीतिकों के। श्रीकृष्ण थे जहाँ पर वह देश कौन-सा है? विजयी, बली जहाँ के बेजोड़ शूरमा थे। गुरु द्रोण, भीम, अर्जुन वह देश कौन-सा है? जिसमें दधीचि दानी हरिचंद कर्ण से थे। सब लोक का हितैषी वह देश कौन-सा है? बाल्मीकि, व्यास ऐसे जिसमें महान कवि थे। श्रीकालिदास वाला वह देश कौन-सा है? निष्पक्ष न्यायकारी जन जो पढ़े लिखे हैं। वे सब बता सकेंगे वह देश कौन-सा है? छत्तीस कोटि भाई सेवक सपूत जिसके। भारत सिवाय दूजा वह देश कौन-सा है?