बहुत पहले- लिखे जाते थे मौसमो के गीत जब रची जाती थी प्रणय की कथा और - कविगण करते थे देश-काल की घटनाओं पर चर्चा तब कविताओं में ढका होता था युवतियों का ज़िस्म....! सुंदर दिखती थी लड़कियाँ करते थे लोग सच्चे मन से प्रेम और जानते थे प्रेम की परिभाषा....! बहुत पहले- सामाजिक सड़ान्ध फैलाने वाले ख़टमलों की नहीं उतारी जाती थी आरती अपने कुकर्मों पर बहाने के लिए शेष थे कुछ आँसू तब ज़िंदा थी नैतिकता और हाशिए पर कुछ गिने - चुने रक़्तपात....! तब साधुओं के भेष में नहीं घूमते थे चोर-उचक्के सड़कों पर रक़्त बहाकर नहीं किया जाता था धमनियों का अपमान तब कोई सम्बन्ध भी नहीं था बेहयाई का बेशर्मी के साथ....! बहुत पहले- शाम होते सुनसान नहीं हो जाती थी सड़कें गली-मोहल्ले / गाँव-गिराँव आदि असमय बंद नहीं हो जाती थी खिड़कियाँ माँगने पर भी नहीं मिलता था आगज़ला सौगात तब दर्द उठने पर सिसकने की पूरी छूट थी और सन्नाटे में भी प्रसारित होते थे वक़्तव्य खुलेआम दर्ज़ा दिया जाता था कश्मीर को धरती के स्वर्ग का.....! अब तो टूटने लगा हैं मिथक चटखने लगी है आस्थाएँ और दरकने लगी हैं हमारी बची- खुची तहजीब....! दरअसल आदमी नहीं रह गया है आदमी अब उसी प्रकार जैसे- ख़त्म हो गई समाज से सादगी आदमी भी ख़त्म हो गया और आदमीयत भी....!