उनके वादे कल के हैं हम मेहमाँ दो पल के हैं । कहने को दो पलके हैं कितने सागर छलके हैं । मदिरालय की मेज़ों पर सौदे गंगा जल के हैं । नई सुबह के क्या कहने ठेकेदार धुँधलके हैं । जो आधे में छूटी हम मिसरे उसी ग़ज़ल के हैं । बिछे पाँव में क़िस्मत है टुकड़े तो मखमल के हैं । रेत भरी है आँखों में सपने ताजमहल के हैं । क्या दिमाग़ का हाल कहे सब आसार खलल के हैं । सुने आपकी राही कौन आप भला किस दल के हैं ।