फावड़े ने मिट्टी काटने से इंकार कर दिया और बदरपुर पर जा बैठा एक ओर ऐसे में तसले की मिट्टी ढोना कैसे गवारा होता ? काम छोड़ आ गया फावड़े की बगल में। धुरमुट की क़ंदमताल.....रुक गई, कुदाल के इशारे पर तत्काल, झाल ज्यों ही कुढ़ती हुई रोती बड़बड़ाती हुई आ गिरी औंधे मुंह रोड़ी के ऊपर। -आख़िर ये कब तक ? -कब तक सहेंगे हम ? गुस्से में ऐंठी हुई काम छोड़ बैठ गईं गुनिया और वसूली भी ईंटों से पीठ टेक, सिमट आया नापासूत कन्नी के बराबर। -आख़िर ये कब तक ? -कब तक सहेंगे हम ? गारे में गिरी हुई बाल्टी तो वहीं-की-वहीं खड़ी रह गई ठगी-सी। सब्बल जो बालू में धंसी हुई खड़ी थी कई बार ज़ालिम ठेकेदार से लड़ी थी। -आख़िर ये कब तक ? -कब तक सहेंगे हम ? -मामला ये अकेले झाल का नहीं है धुरमुट चाचा ! कुदाल का भी है कन्नी का, वसूली का, गुनिया का, सब्बल का और नापासूत का भी है, क्यों धुरमुट चाचा ? फवड़े ने ज़रा जोश में कहा। और ठेक पड़ी हथेलियां कसने लगीं-कसने लगीं कसती गईं-कसती गईं। एक साथ उठी आसमान में आसमान गूंज गया कांप उठा डरकर। ठेकेदार भाग लिया टेलीफ़ोन करने।