पर्वत भैया अभी खेत से लौटे, खड़े हुए, तन्वंगी यह नदी धार भौजी-सी भली लगे । बार-बार लोनी लहरों की चूनर सरकाए, नई उमर का गीत सलोना बस गाती जाए, क्षण भर गहन गँभीर, दूसरे क्षण मनचली लगे । बहती जाए देह कि जैसे अंतहीन आँधी, पीछे-पीछे दौड़ लगाती हवा बनी बाँदी, प्यासे तटबंधों को तो मिसरी की डली लगे । जहाँ मिले पौधे शरारती ख़ूब गए डाँटे, मीठे चुम्बन हरियाली को किन्तु गए बाँटे । तनिक परस ही पेड़ों को सुख की अंजली लगे ।