स्वर्ग सरि मंदाकिनी, हे स्वर्ग सरि मंदाकिनी ! मुझको डुबा निज काव्य में, हे स्वर्ग सरि मंदाकिनी । गौरी-पिता-पद नि:सृते, हे प्रेम-वारि-तरंगिते हे गीत-मुखरे, शुचि स्मिते, कल्याणी, भीम मनोहरे । हे गुहा-वासिनि योगिनी, हे कलुष-तट-तरु नाशिनी मुझको डुबा निज काव्य में, हे स्वर्ग सरि मंदाकिनी ! मैं बैठ कर नवनीत कोमल फेन पर शशि बिम्ब-सा अंकित करूँगा जननि तेरे अंक पर सुर-धनु सदा । लहरें जहाँ ले जाएँगी, मैं जाऊँगा जलबिंदु-सा पीछे न देखूँगा कभी, आगे बढूँगा मैं सदा । हे तट-मृदंगोत्ताल ध्वनिते, लहर-वीणा-वादिनी ! मुझको डुबा निज काव्य में, हे स्वर्ग सरि मंदाकिनी ।