मारने और मरने का काम कौन लेता यह कठिन काम जो करता, वह सैनिक होता, जैसे चाहे, जब चाहे मौत चली आए जो नहीं तनिक भी डरता, वह सैनिक होता । यह नहीं कि वह वेतन-भोगी ही होता है वह मातृभूमि का होता सही पुजारी है, अर्चन के हित अपने जीवन को दीप बना उसने माँ की आरती सदैव उतारी है । पैसा पाने के लिए कौन जीवन देगा जीवन तो धरती-माँ के लिए दिया जाता, धरती के रखवाले सैनिक के द्वारा ही है जीवन का सच्चा सम्मान किया जाता । यह नहीं कि वह अपनी ही कुर्बानी देता दुख के सागर में वह परिवार छोड़ जाता, जब अपनी धरती-माता की सुनता पुकार तिनके जैसे सारे सम्बन्ध तोड़ जाता । सैनिक, सैनिक होता है, वह कुछ और नहीं वह नहीं किसी का भाई पुत्र और पति है, कर्त्तव्य-सजग प्रहरी वह धरती माता का जो पुरस्कार उसका सर्वोच्च, वीर-गति है । सैनिक का रिश्ता होता अपनी धरती से वह और सभी रिश्तों से ऊपर होता है, जब जाग रहा होता सैनिक, हम सोते हैं वह हमें जगाने, चिर-निद्रा में सोता है ।