आने पर मेरे बिजली-सी कौंधी सिर्फ तुम्हारे दृग में लगता है जाने पर मेरे सबसे अधिक तुम्हीं रोओगे ! मैं आया तो चारण-जैसा गाने लगा तुम्हारा आंगन; हंसता द्वार, चहकती ड्योढ़ी तुम चुपचाप खड़े किस कारण ? मुझको द्वारे तक पहुंचाने सब तो आये, तुम्हीं न आए, लगता है एकाकी पथ पर मेरे साथ तुम्हीं होओगे! मौन तुम्हारा प्रश्न चिन्ह है, पूछ रहे शायद कैसा हूं कुछ कुछ बादल के जैसा हूं; मेरा गीत सुन सब जागे, तुमको जैसे नींद आ गई, लगता मौन प्रतीक्षा में तुम सारी रात नहीं सोओगे! तुमने मुझे अदेखा कर के संबंधों की बात खोल दी; सुख के सूरज की आंखों में काली काली रात घोल दी; कल को गर मेरे आंसू की मंदिर में पड़ गई ज़रूरत लगता है आंचल को अपने सबसे अधिक तुम ही धोओगे! परिचय से पहले ही, बोलो, उलझे किस ताने बाने में ? तुम शायद पथ देख रहे थे, मुझको देर हुई आने में; जगभर ने आशीष पठाए, तुमने कोई शब्द न भेजा, लगता है तुम मन की बगिया में गीतों का बिरवा बोओगे!