उसके ऊपर डाला जाता है
सौ में सौ प्रतिशत लाने का
बेइंतिहा दबाव
वह झेलता है इस दबाव को
वह अपने लिए नहीं
अपने माँ बाप के लिए नंबर लाता है
अगर पड़ोसी के बेटे के नम्बर ज्यादा आ गए
तो साल भर उसको ताने मारे जाते हैं
वह अपने लिए नहीं
अपने माँ बाप के लिए बनता है डॉक्टर इंजीनियर
उसकी पीड़ा का अंत यहीं नहीं हो जाता
अब वह एक मार्केट की वस्तु बन चुका होता है
वह बनता है
इन्वेस्ट मेंट का रिटर्न
उसको बेचा जाता है
लगाई जाती है उसकी बोली
उसका प्यार उसके दिल के किसी कोने में
दफन कर दिया जाता है
प्यार करने वाली लड़की उसे जिंदगी भर कोसती है
कोई उसे बता दे कि
वह वह शो रूम में रखा हुआ टीवी है
जिसे छू कर, चलाकर देखा जा सकता है
लेकिन घर ले जाने के लिए खरीदना पड़ता है
कोई यह बता दे कि दिल पर आज भी
उसी लड़की का कब्जा है
लेकिन शरीर उसके बाप का है
जो बेच दिया गया है
अब भी उसकी पीड़ा का अंत नहीं होता
पत्नी से दिल लगाता है
तो माँ को अखरने लगता है
वह माँ का पक्ष लेता है
तो पत्नी को अखरता है
एक महिला पराये घर को आकर
अपना बना लेती है
और वह पुरुष अपने ही घर में
पराया हो जाता है
हर किसी को उससे अतिरिक्त उम्मीदें हैं
ऑफिस को ,पत्नी को
परिवार को
वह सिर्फ एक बार नही
जीवन भर बिकता है
पत्नी की डिमांड पर जब
स्मार्ट टीवी खरीद कर लाया
तो उसने खुद को बेचा
जब बच्चे की डिमांड पर
अपाचे खरीदी तो खुद को बेचा
अब तीन बीएचके की डिमांड है
पहले वह आत्मा को मारेगा
फिर ईमान को भी बेच देगा
संयुक्त परिवार में रहने के बावजूद
अकेला है पुरुष
जब रात में सब सो जाते हैं
वह दसवीं मंजिल की
बालकनी में खड़े होकर रोता है
वह तो ऊपर पहुंच गया
लेकिन उसके आंसू कितना
नीचे गिर गए..
मर्द को दर्द होता है भाई
बहुत होता है
© पंकज प्रसून
