किसके सरस अपांगों में तुम छिपे हुए हो, ओ प्रेम, प्रेम ओ मेरे ! किसके मृदुल अधर में आ तुम रुके हुए हो, ओ प्रेम, प्रेम ओ मेरे ! किसके नयन नलिन में तुम गूँजते निरंतर, ओ प्रेम, प्रेम ओ मेरे ! किसके हृदय-सदन में तुम पल रहे निरंतर, ओ प्रेम, प्रेम ओ मेरे ! मैंने कभी न देखी वह अप्सरा कुमारी, वह सुन्दर नवेली ! मेरे लिए तुम्हे जो है पालती हृदय में, वन में कहीं अकेली ! किसके हृदय-सदन में तुम पल रहे निरंतर, ओ प्रेम, प्रेम ओ मेरे !