नेता, समाज को है नेतृत्व दिया करता संकट आएँ, वह उनको स्वयं झेलता है, वह झोंक नहीं देता लोगों को भट्टी में खतरे आते, वह उनसे स्वयं खेलता है । योग्यता अपेक्षित होती है हर नेता में अपने समाज को सही दिशा में ले जाए, पहचान समय की नब्ज़, सही निर्णय ले वह ले सूझबूझ से काम, सफलता वह पाए । नेतृत्व न रहता पीछे 'बढ़े चलो !' कह कर नेतृत्व सदा आगे चल कर दिखलाता है, नेतृत्व न खाता पीछे रह शीतल बयार वह खाता तो, छाती पर गोली खाता है । केवल कुछ लोगों को हाँके, नेतृत्व न वह अपने समाज को दिशा-दान वह देता है, नेतृत्व न देता लच्छेदारी बातों को निज आन-वान के लिए जान वह देता है । पिछलग्गू पैदा कर लेना नेतृत्व नहीं नेतृत्व नहीं हू-हू कर पत्थर फिकवाता, नेतृत्व देश के दीवाने पैदा करता नेतृत्व, लाठियों से अपने सिर सिकवाता । नेतृत्व देखता देश, देश की खुशहाली नेतृत्व नहीं देखता स्वयं को, अपनों को, नेतृत्व, हमेशा खुदी मिटा कर चलता है पालता नहीं आँखों में सुख के सपनों को ।