तुम नहीं कोई पुरुष की ज़र-ख़रीदी चीज़ हो, तुम नहीं आत्मा-विहीना सेविका मस्तिष्क हीना-सेविका, गुड़िया हृदयहीना ! नहीं हो तुम वहीं युग-युग पुरानी पैर की जूती किसी की, आदमी के कुछ मनोरंजन-समय की वस्तु केवल ! तुम नहीं कमज़ोर, तुमको चाहिए ना सेज फूलों की ! नहीं मझधार में तुम अब खड़ी शोभा बढ़ातीं दूर कूलों की ! अब दबोगी तुम नहीं अन्याय की सम्मुख, नयी ताक़त, बड़ा साहस ज़माने का तुम्हारे साथ है ! अब मुक्त कड़ियों से तुम्हारे हाथ हैं ! तुम हो न सामाजिक न वैयक्तिक किसी भी क़ैदखाने में विवश, अब रह न पाएगा तुम्हारे देह-मन पर आदमी का वश कि जैसे वह तुम्हें रक्खे रहो, मुख से न अपने भूल कर भी कुछ कहो ! जग के करोड़ों आज युवकों की तरफ़ से कह रहा हूँ मैं —:: ‘तुम्हारा ‘प्रभु’ नहीं हूँ, हाँ, सखा हूँ ! और तुमको सिर्फ़ अपने प्यार के सुकुमार-बंधन में हमेशा बाँध रखना चाहता हूँ !