नुक्कड़ पर माशो की माँ बेचती है टमाटर। चेहरे पर जितनी झुर्रियाँ हैं झल्ली में उतने ही टमाटर हैं। टमाटर नहीं हैं वो सेव हैं, सेव भी नहीं हीरे-मोती हैं। फटी मैली धोती से एक-एक पोंछती है टमाटर, नुक्कड़ पर माशो की माँ। गाहक को मेहमान-सा देखती है एकाएक हो जाती है काइयाँ --आठाने पाउ लेना होय लेउ नहीं जाउ। मुतियाबिंद आँखों से अठन्नी का ख़रा-खोटा देखती है और सुतली की तराजू पर बेटी के दहेज-सा एक-एक चढ़ाती है टमाटर नुक्कड़ पर माशो की माँ। --गाहक की तुष्टि होय एक-एक चढ़ाती ही जाती है टमाटर। इतने चढ़ाती है टमाटर कि टमाटर का पल्ला ज़मीन छूता है उसका ही बूता है। सूर्य उगा-- आती है सूर्य ढला-- जाती है लाती है झल्ली में भरे हुए टमाटर नुक्कड़ पर माशो की माँ।