लोग अक्सर पूछते हैं कि मैं कहाँ का हूँ शायद कहीं का नहीं ! पैदा उत्तराखंड में हुआ और पला बढ़ा मेवाड़ में मेवाड़ी बोले तुम तो पहाड़ी हो और पहाड़ियों का आरोप कि ज़्यादा मेवाड़ी ! काम काज ने गुजराती बनाया लेकिन वो बोले तुम गुजराती अस्मिता के लायक नहीं शहरों ने अपनाया नहीं और गाँव पूरखों से पाया नहीं विदेश ने देश पूछा और देश ने सब कुछ जात धर्म पैदायिश भाषा संस्कार खान पान बहाना चाहे किराए का घर हो या कर्मकांड ! दक्षिण गया तो हिंदी भाषी का दोष मढ़ा और हिंदी बोलने की कोशिश की तो कहा ये अंग्रेज़ी से संक्रमित है अंग्रेज़ी लिखी फिर लोग चीखे कि grammar ग़लत है । कविता सोची तो आलोचक चिल्लाए ये भी कोई कविता है जाओ पहले भाषा और सीख कर आओ पढ़ने गया तो शिक्षकों को सवाल पसंद नहीं आए शिक्षक बना तो विद्यार्थियों को जवाब हिंदुओं को मिला तो बोले तुम तो सेक्युलर हो सेकूलरों ने दुत्कारा कि तुमसे धर्म की बू आती है मुस्लिमों ने कहा तुम बुत परस्त हो चर्च आया तो कहा चलो ईशु के भजन गाओ जैनों ने नाक सिकोड़ी कि कैसे ब्राह्मण हो जो माँस खाते हो माँसाहारी बोले भाई तुम मुर्ग़ा खाते हो तो गाय क्यों नहीं ? केसरिया पहन लिया तो हिंदुत्ववादी टोपी तो समाजवादी कुर्ता तो साम्यवादी श्लोक बोल दिए तो मनुवादी घोषित हुआ ! बात सिर्फ़ वैचारिक मतभेदों या सिद्धांतों तक सीमित नहीं रही ! क्लब गया तो दोस्त हँसें नींबू पानी भी कोई पीता है बला और सिंगल मॉल्ट उठाई तो घर निकाला मिला ! कलकत्ते आया तो वामपंथियों ने आरोप मढ़े नागपुर गया तो संघ ने अपने नियम पढ़े बनारस के घाटों ने नहीं अपनाया और पाकिस्तान का वीज़ा कभी नहीं पाया । मैं साम्यवादी नहीं ना पूँजीवादी ना रूस का ना चीन का ना भारत प्राचीन का ना नया ना पुरातन बूढ़ों में जवान जवानों में अधेड़ और अधेड़ों में बूढ़ा तो और अब क्या बोलूँ क्या सुनूँ क्या लिखूँ क्या पढ़ूँ एक अदद ज़िंदगी सीधी सादी मगर कैसे जियूँ ना साँस ना आस किससे दूर किसके पास मेरे कितने असफल प्रयास! —- ना बाँध पाओगे ना कर पाओगे पारिभाषित ना मेरा घर ना भाषा ना देश ना विदेश ना धर्म ना भगवान ना पढ़ना ना पढ़ाना ना खाना ना पीना मैं हवा हूँ खुला आसमान एक बहती धारा ऐ संसार तुम फिर हारे हो मैं जीता हूँ चलो तुम जीते और मैं हारा हूँ मैं मैं हूँ मैं यहाँ जहाँ वहाँ हूँ सब कुछ हूँ कुछ नहीं भी ना अपना ना तुम्हारा मैं सर्व व्याप्त हूँ लेकिन कहीं का नहीं हूँ !