निशि-सुंदरी करेगी नभ में मंद-मंद जब मादक नर्तन, सत्वर मंथर चरण-ताल पर टूट पडूँगा मैं तारा बन। किरणों के चुंबन को बढ़ते- बढ़ते राका-शशि की ओर, महासिंधु में सो जाऊँगा बनकर आकुल एक हिलोर। जब जीवन के महागान की मधुर तान टूटेगी क्षण-भर, शून्य गगन में मिल जाऊँगा शीघ्र प्रलय की ‘लय’ में मिलकर। हाथ उठा सर की लहरों से मृत्यु करेगी जब आह्वान, लघु जलकण बन शतदल-जग से ढलक पडूँगा मैं अनजान।