हर लिया क्यों शैशव नादान? शुद्ध सलिल सा मेरा जीवन, दुग्ध फेन-सा था अमूल्य मन, तृष्णा का संसार नहीं था, उर रहस्य का भार नहीं था, स्नेह-सखा था, नन्दन कानन था क्रीडास्थल मेरा पावन; भोलापन भूषण आनन का इन्दु वही जीवन-प्रांगण का हाय! कहाँ वह लीन हो गया विधु मेरा छविमान? हर लिया क्यों शैशव नादान? निर्झर-सा स्वछन्द विहग-सा, शुभ्र शरद के स्वच्छ दिवस-सा, अधरों पर स्वप्निल-सस्मिति-सा, हिम पर क्रीड़ित स्वर्ण-रश्मि-सा, मेरा शैशव! मधुर बालपन! बादल-सा मृदु-मन कोमल-तन। हा अप्राप्य-धन! स्वर्ग-स्वर्ण-कन कौन ले गया नल-पट खग बन? कहाँ अलक्षित लोक बसाया? किस नभ में अनजान! हर लिया क्यों शैशव नादान? जग में जब अस्तित्व नहीं था, जीवन जब था मलयानिल-सा अति लघु पुष्प, वायु पर पर-सा, स्वार्थ-रहित के अरमानों-सा, चिन्ता-द्वेष-रहित-वन-पशु-सा ज्ञान-शून्य क्रीड़ामय मन था, स्वर्गिक, स्वप्निल जीवन-क्रीड़ा छीन ले गया दे उर-पीड़ा कपटी कनक-काम-मृग बन कर किस मग हा! अनजान? हर लिया क्यों शैशव नादान?