हर-हर साँस नई ख़ुशबू की इक आहट-सी पाता है इक-इक लम्हा अपने हाथ से जैसे निकला जाता है । दिन ढलने पर नस-नस में जब गर्द-सी जमने लगती है कोई आकर मेरे लहू में फिर मुझको नहलाता है । सारी-सारी रात जले है जो अपनी तन्हाई में उनकी आग में सुब‌ह का सूरज अपना दिया जलाता है । मैं तो घर में अपने आप से बातें करने बैठा था अनदेखा-सा इक चेहरा दीवार पे उभरा आता है । कितने सवाल हैं अब भी ऐसे, जिनका कोई जवाब नहीं पूछनेवाला पूछ के उनको अपना दिल बहलाता है ।