फूल खिले हैं गेंदा के, गेंदा के हाँ गेंदा के! बड़े फबीले, बड़े छबीले, नरम नरम, सुंदर गुच्छीले। पीले-पीले, लाल-लाल, फूल खिले हैं डाल-डाल। कई तितलियाँ उड़ती हैं, इधर-उधर को मुड़ती हैं। पंख हिलाती, पंख मिलाती, सब की सब फुर्ती दिखलाती। फूलों से ये बार-बार, हिलमिल करती लाड प्यार। भौंरे आते कई-कई लिये उमंगें नई-नई! गुनगुन गाते, खुशी मनाते, फूलों से फूलों पर जाते। रस चखते हैं चाह, चाह, बड़ा मज़ा है वाह-वाह!