तन का दिया, प्राण की बाती, दीपक जलता रहा रात-भर । दु:ख की घनी बनी अँधियारी, सुख के टिमटिम दूर सितारे, उठती रही पीर की बदली, मन के पंछी उड़-उड़ हारे । बची रही प्रिय की आँखों से, मेरी कुटिया एक किनारे, मिलता रहा स्नेह रस थोडा, दीपक जलता रहा रात-भर । दुनिया देखी भी अनदेखी, नगर न जाना, डगर न जानी; रंग देखा, रूप न देखा, केवल बोली ही पहचानी, कोई भी तो साथ नहीं था, साथी था ऑंखों का पानी, सूनी डगर सितारे टिमटिम, पंथी चलता रहा रात-भर । अगणित तारों के प्रकाश में, मैं अपने पथ पर चलता था, मैंने देखा, गगन-गली में, चाँद-सितारों को छलता था । आँधी में, तूफ़ानों में भी, प्राण-दीप मेरा जलता था, कोई छली खेल में मेरी, दिशा बदलता रहा रात-भर ।