मटर-मूंग जो कुछ घर में है, वही सभी मिल खाना
ख़बरदार! तुम लोग कभी बिल से बाहर मत आना
बिल्ली एक बड़ी पाजी है, रहती घात लगाये
जाने वह कब किसे दबोचे, किसको चट कर जाये
सो जाना सब लोग लगा कर दरवाज़े में किल्ली
आज़ादी का जश्न देखने मैं जाता हूं दिल्ली
दिल्ली में देखूंगा आज़ादी का नया ज़माना
लाल किले पर खूब तिरंगे झंडे का लहराना
अब न रहे अंग्रेज, देश पर अपना ही काबू है
पहले जहां लाट साहब थे वहां आज बाबू है!
घूमूंगा दिन-रात, करूंगा बातें नहीं किसी से
हाँ फुर्सत जो मिली, मिलूंगा जरा जवाहर जी से
गांधी युग में कौन उड़ाये, अब चूहों की खिल्ली?
आज़ादी का जश्न देखने मैं जाता हूं दिल्ली
पहन-ओढ़कर चूहा निकला चुहिया को समझा कर
इधर-उधर आंखें दौड़ायीं बिल से बाहर आकर
कोई कहीं नहीं था, चारों ओर दिशा थी सूनी
शुभ साइत को देख हुई चूहे की हिम्मत दूनी
चला अकड़कर, छड़ी लिये, छाते को सिर पर ताने
मस्ती मन की बढ़ी, लगा चूं-चूं करके कुछ गाने!
इतने में लो पड़ी दिखाई कहीं दूर पर बिल्ली
चूहेराम भगे पीछे को, दूर रह गयी दिल्ली!!!
