तोरण पताकाधारी उन्नत वितान तने, बगरी विचित्रता सजावट के साज की । प्रेमी कविता के सभ्य सज्जन बिराज रहे, उलही अनूठी आभा सुकवि-समाज की। कोष मिला मोद का साहित्य सुरपादप से, रंजना रिझाबेगी किसे न कहो आज की। ‘शंकर’ युधिष्ठिर की राजधानी देहली में, मानो मनमानी छबि छाई ऋतुराज की ॥1॥ मान मनमाना मिलता है खल-मण्डल को, कौन करता है सेवा सज्जन-समाज की। होके मालामाल मूढ़ मिट्ठू मौज मारते हैं, लोहू चतुरों को चिन्ता चूंसती है नाज की। गाजती है गन्दी तुकबन्दी कोरे तुक्कड़ों की, गूंजती है कविता न कवि-कुल-ताज की। मानो ढाक फूल हैं न ‘शंकर’ रसाल बौरे, भूतल पै छूंछी छबि छाई ऋतुराज की ॥2॥