(1) करने चले तंग पतंग जला कर मिटी में मिट्टी मिला चुका हूँ । तम-तोम का काम तमाम किया दुनिया को प्रकाश में ला चुका हूँ । नहीं चाह सनेही सनेह की और सनेह में जी मैं जला चुका हूँ । बुझने का मुझे कुछ दुःख नहीं पथ सैकड़ों को दिखला चुका हूँ ।। (2) लघु मिट्टी का पात्र था स्नेह भरा जितना उसमें भर जाने दिया । धर बत्ती हिय पर कोई गया चुपचाप उसे धर जाने दिया । पर हेतु रहा जलता मैं निशा-भर मृत्यु का भी डर जाने दिया । मुसकाता रहा बुझते-बुझते हँसते-हँसते सर जाने दिया । (3) परवा न हवा की करे कुछ भी भिड़े आके जो कीट पतंग जलाए । जगती का अन्धेरा मिटा कर आँखों में आँख की पुतली होके समाए । निज ज्योति से दे नवज्योति जहान को अन्त में ज्योति में ज्योति मिलाए। जलना हो जिसे वो जले मुझ-सा बुझना हो जिसे मुझ-सा बुझ जाए ।।