यह मेरी गोदी की शोभा, सुख सोहाग की है लाली. शाही शान भिखारन की है, मनोकामना मतवाली . दीप-शिखा है अँधेरे की, घनी घटा की उजियाली . उषा है यह काल-भृंग की, है पतझर की हरियाली . सुधाधार यह नीरस दिल की, मस्ती मगन तपस्वी की. जीवित ज्योति नष्ट नयनों की, सच्ची लगन मनस्वी की. बीते हुए बालपन की यह, क्रीड़ापूर्ण वाटिका है . वही मचलना, वही किलकना,हँसती हुई नाटिका है . मेरा मंदिर,मेरी मसजिद, काबा काशी यह मेरी . पूजा पाठ,ध्यान,जप,तप,है घट-घट वासी यह मेरी. कृष्णचन्द्र की क्रीड़ाओं को अपने आंगन में देखो . कौशल्या के मातृ-मोद को, अपने ही मन में देखो. प्रभु ईसा की क्षमाशीलता, नबी मुहम्मद का विश्वास. जीव-दया जिनवर गौतम की,आओ देखो इसके पास . परिचय पूछ रहे हो मुझसे, कैसे परिचय दूँ इसका . वही जान सकता है इसको, माता का दिल है जिसका .