सब आसमान में हैं छाए, बादल आए, बादल आए! घर-घर, घर-घर, घर-घहर-घहर सब तेज हवा में लहर-लहर, सब हहर-हहर, सब भहर-भहर कुछ झट-झट-झट, कुछ ठहर-ठहर, सब के सब सिर पर मँडराए बादल आए, बादल आए! आपस में सब के सब लड़-लड़ करते भड़ भड़, होते धड़-धड़ पानी बरसाते पड़ पड़-पड़ बूँदें टपकाते झड़ झड़-झड़ धाए झल्लाए, खिसयाए ये मतवाले बादल आए! करते घम-घम, करते घम-घम बिजली चमकाते चम-चम-चम, हल्ला गुहार करते कड़-कड़ कुछ गाज़ गिराते तड़ तड़ तड़, करतूत अनोखी अपनाए ये मनमौजी बादल आए! नहलाते सबको हर-हर-हर करते जलती धरती को तर, उफनाते ताल, नदी, नाले न्यारे-न्यारे, काले-काले सातों समुद्र भर भर लाए ये उमड़-घुमड़, बादल आए!