मैंने जब-जब लिखना चाहा, कभी नहीं लिख पाया तुमको। मैंने जब-जब पढ़ना चाहा, कभी नहीं पढ़ पाया तुमको। तुम इतना क्यों ऐसे-ऐसे। मैंने जब-जब सुनना चाहा, कभी नहीं सुन पाया तुमको, मैंने जब-जब कहना चाहा, कभी नहीं कह पाया तुमको, तुम इतना क्यों ऐसे-ऐसे। मैंने जब-जब मिलना चाहा, कभी नहीं मिल पाया तुमसे, संग-साथ जब जुड़ना चाहा, कभी नहीं जुड़ पाया तुमसे, तुम इतना क्यों ऐसे-ऐसे। लिखना-पढ़ना, कहना-सुनना, मिलना-जुलना रहा न सम्भव, जन में तुम-सा, मन में तुम-सा, रचना के जीवन में तुम-सा, सहज-सहज सा, सुन्दर-सुन्दर, मुक्त-मुक्त सा, खुला-खुला सा, ओर-छोर तक युगों-युगों से आदिम बस्ती-बस्ती होकर, शिशु की हँसी-हँसी में तिरते, रण में भी क्षण-प्रतिक्षण घिरते, माँ के मुँह से लोरी-लोरी, युद्ध समय में गगन-गूँज तक, आर्तनाद से घिरे-घिरे वे दस्यु न जाने अब तक तुमको ठगने और लूटने वाले, वे समस्त जाने-अनजाने, संघर्षों का वह इतिहास अधूरा अब भी रक्तबीज सा, धर्मराज सा अथवा अब के राज-काज में इस समाज में श्रम से, सीकर से, शोणित से सिंचित जीवन के जंगल में खिंची-खिंची प्रत्यँचाओं पर उत्तर में भी, दक्षिण में भी, धरती से नभ तक अशेष जग को रचते-रचते, ढोते-ढोते थके न फिर भी, चले आ रहे, चले आ रहे अन्तहीन, अविरल, अपराजित, ऐसे किसी समय की निर्णायक बेला को, उन सब के गाढ़े-गाढ़े सब अन्धेरों को ढँक देने को उफन रहे आक्रोश लिये अन्तस में अपने रोष लिए किलो, मठों के ढह जाने तक, टूट-टूट कर, बिखर-बिखर कर उनका रौरव मिट जाने तक, मैंने तुमको लिखना चाहा, पढ़ना चाहा, कहना चाहा, सुनना चाहा, क्योंकि तुम, बस तुम हो ऐसे आओ-आओ, हम हैं इतने, इतने हम हैं, इतने-इतने, हम हैं ऐसे, आओ अभी अशेष समर है !