अपने टुकड़े बाँट सभी में ख़ुद सिफ़र हो जाती माँ चौके से बस आँगन का पूरे दिन सफ़र हो जाती माँ। बचपन के दिन याद हैं जब सारे लिपटे रहते थे हम नन्हें मुन्हे परिंदों का तब शजर हो जाती माँ। सब अपने कमरे में बैठे अपना अपना गाना गाएँ आँगन के इक कोने में सिमटी पूरा घर हो जाती माँ। उसका प्यार तो बँटता जैसे मंगल का प्रसाद हो सारा मीठा बाँट कर खुद खारा समंदर हो जाती माँ। परिंदे सारे उड़ जाते हैं, सबका ही अपना आसमाँ धीरे धीरे हौले हौले बस खोज ख़बर हो जाती माँ।