आज यक़ीन हुआ ,ये दरख़्त क्यूँ नहीं हिलते तेज़ हवाओँ से,
जड़ें मज़बूत हों तो इंसान भी कहाँ बहते इन सदाओं से
रेल के दरवाज़े से तेरा हुस्न देख रहा हूँ कुदरत,
कहीं से हरी ,कहीं नीली नज़र आती हो तुम भी
अपने सारे रंग जो खो दिए थे, उन्हें वापिस आता देख रहा हूँ
लंबी , अँधेरी , काली सुरंगें भी तो हैं रस्ते में ,
एक छोर निपट अँधेरा , दूसरी और सवेरा देख रहा हूँ
ज़िंदगी तेरे भी रंग ऐसे ही हैं ,सोच रहा हूँ।
नुमाइन्दा बन चुका तेरा अब तो ज़िंदगी,
तेरे इशारे पर अपनी सारी गिरहें खोलता जा रहा हूँ
खुलती नहीं जो , उसे तेरे हवाले कर दूँ सोच रहा हूँ।
तेरे और इस रास्ते में यूँ तो फर्क़ ज़्यादा नहीं ,
क्या बयाँ करूँ , क्या छोड़ दूँ , यह सोच रहा हूँ
तेरा सफ़र न जाने कब खत्म हो जाए ,इस बात का इल्म नहीं ,
इस बात का भरोसा है कि तू कभी मौका देगी
और ये भी ज़ाहिर है , गँवाए वक़्त का हिसाब ज़रूर लेगी
अब तसल्ली करूँ या अफ़सोस , यह सोच रहा हूँ।
हिम्मत मेरी जवाब न देगी, ये तो वादा कर सकता हूँ,
क़िस्मत का मोहताज नहीं हूँ फिर भी दुआएं मांग रहा हूँ,
ग़म की डली उठा कर देखो, अंदर से मैं महक रहा हूँ,
क्या बताऊँ क्या हाल है , मैं तो बस ये सोच रहा हूँ
दुनिया के फ़ीके रिवाज़ों ने सब मरासिम तय कर रखे थे
कुछ यहाँ बने कुछ वहाँ टूटे , यूँ तो सब ही पक्के थे
इन टूटे फूटे रिश्तों में नया जोड़ लगा मैं पाता तो
आलम क्या होता इसी बात पर मुस्काता हूँ
तू जान गयी मुझको , पहचान गयी अब शायद ज़िन्दगी
मरते दम तक मरना नहीं चाहता , और जीते जी रोज़ मरता हूँ
दिल के आईने पर न जाने कितनी लकीरें खींच चुका हूँ
अब इस आईने को फिर साफ़ चमकता देखूँ, आरज़ू करता हूँ