ऐसा हुआ नहीं है पर ऐसा न हो कहीं

उस ने मुझे न देख के देखा न हो कहीं

क़दमों की चाप देर से आती है कान में

कोई मिरे ख़याल में फिरता न हो कहीं

सनकी हुई हवाओं में ख़ुश्बू की आँच है

पत्तों में कोई फूल दहकता न हो कहीं

ये कौन झाँकता है किवाड़ों की ओट से

बत्ती बुझा के देख सवेरा न हो कहीं

'अल्वी' ख़ुदा के वास्ते घर में पड़े रहो

बाहर न जाओ फिर कोई झगड़ा न हो कहीं