अभी तो और भी दिन बारिशों के आने थे

करिश्मे सारे उसे आज ही दिखाने थे

हिक़ारतें ही मिलीं हम को ज़ंग-आलूदा

दिलों में यूँ तो कई क़िस्म के ख़ज़ाने थे

ये दश्त तेल का प्यासा न था ख़ुदा-वंदा

यहाँ तो चार छे दरिया हमें बहाने थे

किसी से कोई तअ'ल्लुक़ रहा न हो जैसे

कुछ इस तरह से गुज़रते हुए ज़माने थे

परिंदे दूर फ़ज़ाओं में खो गए 'अल्वी'

उजाड़ उजाड़ दरख़्तों पे आशियाने थे