रात रानी के नीचे उनको,
आज सपन में फिर देखा।
आलिंगन पाकर उनका मैं,
भूल गया विधि का लेखा।।
किसी बात की लेकर चिंता,
हृदय लगीं वह, माथा चूमा।
रोम–रोम पुलकित हो मेरा,
आठ याम कण–कण झूमा।।
शांत कराया मैंने उनको,
बात सुनी, फिर समझाई।
खिल उठे दो कमल नयन
सुंदर मनमोहक छवि पाई।।
एक प्राण थे एक सांस थी,
एक रही जीवन रेखा।
रात रानी के नीचे उनको,
आज सपन में फिर देखा।।
