एक गीत तेरे अधरों पे दूजा नयन लड़ाई पर
तीजा गीत लिखूंगा प्रीतो मै तेरी अंगड़ाई पर
गेसू चूड़ी झुमके बाली
बिछुवा तक मै आऊंगा
नाकों की नथनी छू कर के
सांसो में घुल जाऊंगा
ख्वाहिश तेरे कंगन जैसा शोभित रहूं कलाई पर
तीजा गीत लिखूंगा प्रीतो मै तेरी अंगड़ाई पर
नयनों की पलके बनकर
स्पर्श करूं मै काजल को
सारी रात निहारूँ मैं तेरी
जुल्फों के बादल को
उंगली में धागों के फंदे स्वैटर बुनते सलाई पर
तीजा गीत लिखूंगा प्रीतो मै तेरी अंगड़ाई पर
मांग की सिंदूर महावर
मेहंदी को महकाउंगा
माथे की बिदियाँ चमकेगी
पायल को छनकाउंगा
अंतिम छंद रचूंगा बाबू तेरी मटक चलाई पर
तीजा गीत लिखूंगा प्रीतो मै तेरी अंगड़ाई पर
