मणिपुर हिंसा के कारणों को समझने के लिये हमें विभिन्न समुदायों के बीच योजनापूर्वक स्थापित किये गये असुरक्षा और वंचना के व्यवहार को समझना होगा । यह समीकरण कुछ इस तरह है – आरक्षण से एक वर्ग के लिये सुविधा की निश्चितता, वहीं दूसरे वर्ग के लिये सामान्य अधिकारों से वंचित कर देने की अ-नैसर्गिक व्यवस्था से उत्पन्न विषमता की स्थापना । एक विषमता को समाप्त करने के लिये दूसरी विषमता उत्पन्न करने की व्यवस्था को कदापि न्यायोचित नहीं कहा जा सकता ।

राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक क्षरण

वेल्स के लोगों के बारे में एक परिहास किया जाता है, एक कुँये को भरने के लिये पास से मिट्टी खोदी गयी जिससे वहाँ एक और नया कुँआ हो गया, फिर उस नये कुँये को भरने के लिये उसके पास एक और नयी जगह से मिट्टी खोदी गयी, …एक कुँये को भरने के लिये दूसरे कुयें की रचना की जाती रही । हर बार एक नया कुँआ उत्पन्न होता रहा और आने-जाने वाले लोगों को वहाँ होता धुआँधार काम दिखायी देता रहा । इस तरह एक कुँये को भरने के लिये उन्होंने पूरे मैदान को खोद डाला ।

हमारे देश में भी एक वर्गभेद समाप्त करने के लिये दूसरा वर्गभेद उत्पन्न किया जाता रहा …वेल्स के कुओं की तरह । दशकों से राष्ट्रीय एकता, प्रेम और बंधुत्व की बातें की जाती रहीं, ..ठीक उसके सामानांतर देश भर में राष्ट्रीय विषमता, विद्वेष और शत्रुता बढ़ती रही, सांस्कृतिक क्षरण और भी अधिक होता रहा, यौनदुश्कर्मों में क्रूरता की इन्टेंसिटी बढ़ती रही, हत्याओं में क्रूरता और भी बढ़ती रही, सेना पर पथराव और राष्ट्रविरोधी घटनायें बढ़ती रहीं, अपराधियों और अराजक तत्वों के आगे सत्ता और प्रशासन निर्बल होता रहा, … ।

देश भीतर ही भीतर और भी टूटता जा रहा है ...और हम समाज और राष्ट्र के प्रति अभी तक अपनी भूमिकायें तय नहीं कर सके हैं ।

मोतीहारी वाले मिसिर जी की यह बात मुझे बहुत प्रासंगिक लगती है – “सर्प को देखते ही उसके प्रति हिंसक हो उठने की प्रतिक्रिया असुरक्षा के उस भाव का परिणाम है जिसके लिये मनुष्य ही अधिक उत्तरदायी है । सर्प का आक्रमण प्रतिक्रियात्मक होता है, शेर की तरह स्वाभाविक नहीं, फिर भी अपने विषाक्त गुणों के कारण उसे मनुष्य की हिंसा का शिकार होना पड़ता है । सर्प जितना अधिक विषैला होता है उस पर मनुष्य का आक्रमण भी उतना ही अधिक क्रूर होता जाता है”।

मणिपुर की हिंसा में कुकी और मैतेयी समुदायों में अधिकार हनन से उपजा एक-दूसरे के प्रति असुरक्षा का वह भाव है जिसे जाति और वर्ग आधारित आरक्षण के माध्यम से स्वतंत्र भारत की सरकारों द्वारा स्थापित किया जाता रहा है । उन्नीसवीं शताब्दी में अन्य प्रांतों से मणिपुर आकर बसे कुकियों और नगाओं को जो अधिकार दिये गये हैं वे अधिकार मैतेयियों को प्राप्त नहीं हैं जबकि वे वहाँ के परम्परागत निवासी हैं । स्थानीय और बाहरी होने के प्रति विद्वेष का भाव यहीं से प्रारम्भ होता है । कल्पना कीजिये, यदि उत्तराखण्ड में रोहिंग्या और बंग्लादेशियों के लिये आरक्षण और असीमित भूखण्ड ख़रीदने की सुविधा का प्रावधान कर दिया जाय तो क्या स्थानीय लोगों में उनके प्रति वैमनस्य और ऐसी अन्यायपूर्ण व्यवस्था के प्रति आक्रोश का भाव उत्पन्न नहीं होगा!

हमें यह सत्य स्वीकार करना होगा कि आरक्षण ने इस देश को जो दिया है उससे कई गुना अधिक छीन लिया है । कुकी लड़कियों के साथ हुयी क्रूरता इसका ताजा उदाहरण है ।

कुकी और नगा भी भारतीय हैं किंतु उन्होंने कालांतर में अपना धर्म छोड़ दिया और ईसाई बन गये । वे अल्पसंख्यक हैं, अल्पसंख्यक होना किसी लाभ के लिये योग्यता नहीं माना जाना चाहिये, पर भारत में इसे बहुत बड़ी योग्यता माना जाता है जिसके कारण वे लोग उन सुविधाओं से वंचित हो जाते हैं जो योग्य होते हुये भी अल्पसंख्यक नहीं होते । स्वतंत्र भारत में योग्यता का यह मापदण्ड अद्भुत है जिसके कारण बहुसंख्यकों के मन में अल्पसंख्यकों के प्रति अधिकारहनन, असुरक्षा और वंचना का एक स्थायी भाव घर कर चुका है । मणिपुर हिंसा के मूल में यही है ।

दो माह से मणिपुर जलता रहा है, सत्ता इतनी अकर्मण्य और अकुशल क्यों है कि वह अपने नागरिकों की रक्षा भी कर पाने में समर्थ नहीं है ? शेष भारत ने भी इसमें तब तक कोई प्रतिक्रिया प्रकट नहीं की जब तक कि चारो ओर थू-थू नहीं होने लगी । अंततः प्रतिक्रिया के लिये भारत जागा, किंतु तब तक बहुत देर हो चुकी थी ।

1990-91 में मुझे जयपुर में पूर्वांचल के कुछ छात्रों से मिलने का अवसर मिला था । नेशनल-इंटीफ्रेशन एण्ड कल्चरल एक्सचेंज जैसी किसी योजना के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था । कार्यक्रम के अंतिम दिन एक मणिपुरी छात्र ने शेष भारत के प्रति अपना आक्रोश प्रकट किया तब पहली बार मुझे पता चला कि हम लोगों ने उनके साथ समानता का व्यवहार नहीं किया है । छात्र ने बताया कि सेवन सिस्टर्स राज्य के लोगों को जब पटना या लखनऊ जाना होता है तो वे ‘पटना’ या ‘लखनऊ’ न कहकर ‘इण्डिया’ कहते हैं । पूर्वांचल के लोग शेष भारत को विदेशी धरती क्यों मानने लगे, यह हम सबके लिये आत्मचिंतन और विश्लेषण का गम्भीर विषय है ।

मैं मणिपुर की जघन्य घटनाओं की ओर वापस आता हूँ जहाँ आरक्षण के अधिकार से सम्पन्न कुकी समुदाय की लड़कियों के साथ वंचित और अनारक्षित समुदाय के मैतेयियों द्वारा अमानवीय क्रूरता की गयी । इससे पहले कुकियों ने हाईकोर्ट के उस निर्णय के विरुद्ध उग्र प्रदर्शन किया था, जिसके परिणामस्वरूप मैतेयियों को आरक्षण की सुविधा दिये जाने का प्रावधान किये जाने को कहा गया था । कुकियों के प्रदर्शन से मैतेयी भड़क गये और कुकियों के विरुद्ध क्रूर घटना में प्रवृत हुये । इसकी पुनः प्रति-प्रतिक्रिया हुयी और आरक्षित कुकियों ने अनारक्षित मैतेयियों को मणीपुर छोड़कर भाग जाने की चेतावनी दे दी । कुकी भारी पड़ने लगे और मैतेयियों की स्थिति कश्मीरी पंडितों जैसी हो गयी ।

जब हिंसा-प्रतिहिंसा होती है तब किसी भी एक पक्ष को दोषमुक्त नहीं माना जा सकता । मणिपुर में वर्गभेद के लिये भले ही उन्नीसवीं शताब्दी और उसके बाद की सत्तायें दोषी रही हों किंतु आज जो मणिपुर जल रहा है उसके लिये, सच पूछो तो हम सब दोषी हैं ।