गतांक से आगे...

दिनांक १०.०९.२००३, आज मैंने सेठ जी को होटल में ही विश्राम करने की सलाह दी जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया । यह मेरे लिये एक तरह से मुक्ति का सुअवसर था । कुछ पल चैन से साँस लेने के लोभ में मैं होटल छोड़कर बाहर खुली हवा में आ गया । प्रातःकाल समाचार पत्र से पता चल गया था कि कोलकाता में इन दिनों मैदान में राष्ट्रीय पुस्तक मेला लगा हुआ था। भारत के किसी भी महानगर का यह सबसे बड़ा मैदान है, सुविख्यात ईडेन गार्डेन भी इसी मैदान में है। टैक्सी पकड़कर मैदान पहुँचा और विशाल पुस्तक मेला देखकर मन प्रसन्न हो गया ।

    पुस्तकें ख़रीदकर अभी चलने को ही था कि तभी किसी परिचित से चेहरे की एक झलक दिखायी दी । वह एक बंग्ला पुस्तक उलट-पुलट रही थी । मुझे आश्चर्य हुआ, यहाँ कोलकाता में कौन परिचित हो सकता है मेरा ! ध्यान से देखा, पीले सलवार-कुर्ते में बड़ी-बड़ी आँखों वाली एक साँवली लड़की, साथ में थी कोई गोरी तरुणी, बंग्ला साड़ी में । सोचने लगा, कौन हैं ये लोग?  कहीं देखा तो है । मैं अभी अपनी उधेड़बुन था कि तभी पीले सलवार-कुर्ते वाली लड़की की दृष्टि मुझ पर पड़ी । वह हड़बड़ाकर पुस्तक वहीं छोड़ बाहर निकलने का उपक्रम करने लगी । अचानक याद आ गया, अरे यह तो वही है, कल वाली... सोनागाछी... माटीगाछी । सलीके के परिधान में आज पहचान में ही नहीं आ रही थी । मैं तुरंत आगे बढ़कर उसके सामने आ गया, बोला –“सुनिये !”

    वे दोनों अनसुनी कर आगे बढ़ गयीं । ऐसी स्त्री के दो रूप देखकर आश्चर्य हुआ मुझे । किंतु इससे इतना तो स्पष्ट हो ही चुका था कि स्त्री कितनी भी निर्लज्ज क्यों न हो जाय, समाज में भद्र दिखने और नार्योचित सम्मान पाने की चाह उसके अंतस में बनी ही रहती है ।

    मैंने गौर किया, सोनागाछी तो यह आज लग रही है, पीले सलवार-कुर्ते में... स्वर्णगात सी... कंचन कामिनी ! कल तो माटीगाछी थी यह । मैं तेजी से आगे आकर उन दोनों का रास्ता छेकता हुआ बोला – “सुनिये तो, मुझे कुछ काम है आपसे...”। 

   साथ की तरुणी बोली –“क्या है ?”

   मैंने कहा – “यहाँ नहीं,  यदि आपकी ख़रीदारी हो गयी हो तो मेले से बाहर चलें ?”

   तरुणी ने कुछ सोचकर फिर सहमति में सिर हिलाकर अनुमति दी । सोनागाछी चुप ही रही ।

   सड़क पार करके हम लोग विशाल मैदान के किनारे-किनारे चलने लगे । थोड़ी देर बाद सोनागाछी की ओर संकेत करते हुये मैंने तरुणी से कहा- “मुझे इनसे कुछ बात करनी है”। 

   सोनागाछी फिर भी चुप थी । मैंने उसे लक्ष्य कर कहा- “रोज कितना कमा लेती हैं आप ?”

  कहना तो बहुत कुछ चाहता था पर समझ नहीं पा रहा था कि शुरू कहाँ से करूँ । वह चुप रही । कल से अभी, इस क्षण तक उसके मुँह से एक भी शब्द नहीं सुना था मैंने । सोचा, कहीं गूँगी तो नहीं ! वह कभी मेरी ओर देखती कभी आकाश की ओर अनंत में । साथ की तरुणी ने बताया- “यह हिंदी नहीं जानती”।

   फिर किंचित रुककर उसने मुझसे पूछा – “आप कबसे जानते हैं इसे ?”

   मैंने कुछ सकुचाते हुये उत्तर दिया – “बस कल से ही”। 

   तरुणी ने विनय के स्वर में कहा – “हमें जाने दीजिये, घर पहुँचना है जल्दी”। 

   मैंने कटाक्ष किया – “घर ! आपका भी घर होता है ? अच्छा छोड़िये, यह बताइये ये कौन सी भाषा जानती है ?” 

   “बांग्ला”।

   “ओह ! तब तो मुश्किल है,  मैं बांग्ला नहीं जानता”। 

   “तब जाने दीजिये हमें”।

   “नहीं, मुझे जानना है इनसे... कितनी ज़रूरतें हैं इनकी ? पूरी हो जाती हैं सब... इस तरह ?”

   “क्या करेंगे जानकर ? ब्याह करेंगे ? हमारी किस्मत बदलेंगे ? दया करेंगे हम पर ? आप जाइये बाबू ! हमें अपनी किस्मत पर जीने दीजिये।“

   मैंने कहा – “नहीं, कर तो मैं कुछ भी नहीं सकूँगा किंतु सोना को माटी होते देख दुःख तो होता ही है न !”

   तरुणी कुछ झल्ला कर बोली – “तब क्या करें कि सोना माटी होने से बच जाये ? पुरुष की सहानुभूति में भी कोई न कोई स्वार्थ छिपा रहता है, सोना को माटी बनाने की ज़िद में पीछे कौन है भला ?” –तरुणी ने एक ही झटके में निरुत्तर कर दिया मुझे।

   हम बातें करते हुये आगे बढ़ रहे थे । सामने पेड़ के नीचे एक आदमी डाभ बेच रहा था । मैंने तरुणी को डाभ पीने के लिये आमंत्रित किया पर वह मुझसे पीछा छुड़ाने के लिये बेचैन सी दिखी । बहुत अनुरोध करने पर ही तैयार हुयी । पास पहुँचकर मैंने उससे तीन डाभ तैयार करने को कहा । तीनों लोग चुप थे, तरुणी कुछ खिन्न सी थी और सोनागाछी निर्विकार ।

   जब तक डाभ तैयार होता हमने कुछ और जानने की गरज़ से पेड़ की छाया में एक ओर खड़े होकर बातें करना शुरू किया । तरुणी ने बताया कि सोनागाछी बांग्ला के अतिरिक्त और कुछ भी नहीं समझ पाती थी । हिन्दी उसके लिये दुर्बोध थी ।

   डाभ का पानी पीकर हम फिर पैदल ही आगे बढ़े । इस बीच तरुणी कुछ सहज हो गयी थी और मेरे प्रति आश्वस्त भी । तब उसने बताया कि नन्दिता, जिसे मैं बारम्बार सोनागाछी (सोने के पेड़ पर चढ़ने वाली) सम्बोधित कर रहा हूँ, मूलतः बांग्ला देश की है । उसके दादा, परदादा और लकड़ दादा ...पीढ़ियों से चटगाँव के पास किसी गाँव के रहने वाले थे । सदियों से वे हिन्दुस्तानी थे । विभाजन के पश्चात् भी उनका परिवार उसी गाँव में रहा किंतु अब वे हिन्दुस्तानी न रहकर पाकिस्तानी हो गये थे । उनका परिवार मुक्ति-युद्ध के पश्चात् भी वहीं रहता रहा, अपने गाँव के पैतृक घर में... अपने पूर्वजों की धरती पर । उनकी नागरिकता, उनकी पहचान एक बार फिर बदली । इस बार वे पाकिस्तानी से बांग्लादेशी हो गये थे । फिर हुये जातीय दंगे, धार्मिक उन्माद, मारकाट, लूट, अपहरण और पलायन । वहाँ से पलायन करके भारत आने वाले अब मूल हिन्दुस्तानी नहीं वरन् विदेशी और शरणार्थी हो गये थे । उन्नीस सौ छियालीस में चटगाँव के जो परिवार भारतीय थे, अब भारत की धरती में भी विदेशी और शरणार्थी थे ।

   किंतु नन्दिता तो यहाँ पलायन करके नहीं आयी थी । उसके माँ-बाप को बांग्लादेश में हिन्दू होने का दण्ड भोगना पड़ा । वे जातीय दंगों में मारे गये । नन्हीं नन्दिता किसी तरह अपहरणकर्ताओं के हाथ लगकर न जाने कितने घरों का दानी-पानी अपने उदर में डालती, सीमापार गाँव-गाँव डोलती अंततः कोलकाता की मानुष-मंडी में लाकर बेच दी गयी थी । उसकी अब कोई जाति नहीं थी, कोई धर्म नहीं था, कोई राष्ट्रीयता नहीं थी । अब वह थी निर्दयी पुरुष के लिये मात्र एक सोने का गाछ भर जो दिन-रात जब चाहो हिलाने से सोना देती थी... सिर्फ़ सोना... । सोनागाछी अब उसकी जाति थी, सोनागाछी ही धर्म और सोनागाछी ही उसकी राष्ट्रीयता ।

बस, इतना ही परिचय है उस पीले सलवार-कुर्ते वाली, चुप-चुप और खोयी-खोयी रहने वाली युवती का । कॉपी-पुस्तकों की दुनिया में रमा और माँ-बाप के लाड़-दुलार में पला बचपन न जाने कब धर्म की छीना-झपटी में नोच-नोच कर तार-तार किया जा चुका था । और जब उसने होश संभाला तो पता चला कि वह तो न जाने कब की किशोरी हुये बिना ही औरत बन चुकी थी । अब तो वह सपने भी देखने लायक नहीं रह गयी थी । उसका वर्तमान, उसका भविष्य, उसके सपने, सब कुछ ... हिन्द महासागर की अथाह गहरायी में समाधि ले चुके थे... किसी वैभव शाली टूटे जहाज की तरह । समाज में प्रतिदिन न जाने कितने ऐसे वैभवशाली टाइटेनिक टूटते और जलसमाधि लेते रहते होंगे, इसका तो लेखा-जोखा रखने की भी आवश्यकता नहीं समझी गयी कभी । धर्म के नाम पर होने वाली हिंसायें कितने अधार्मिक कृत्य करती हैं! एक मासूम के सपनों को कितनी निर्दयता से तबाह कर दिया गया था । इस भयानक उत्पीड़न पर चिंतन करने का समय मानवाधिकार आयोगों को भी नहीं मिलता कभी ।

   मेरे और नन्दिता के बीच पसरी भाषायी दुर्बोधता से उत्पन्न हुयी संवादहीनता और भी कष्टकारी थी । मैंने तरुणी से निवेदन किया –“क्या इनके जीवनयापन का कोई और उपाय नहीं हो सकता ?”

   उसने कहा – “निर्दयी परिस्थितियों के चक्रवातों में फंसी कोई लड़की जिसे बलात झोंक दिया गया हो दरिन्दों की कामभट्टी में, और क्या उपाय कर सकती है जीवन यापन का ?  और हो भी कोई उपाय तब भी उसमें जीवन के प्रति मोह ही कितना बच पाता है ? कौन सा आकर्षण शेष रह जाता है उसके जीवन में जिसके लिये वह कोई अन्य उपाय करे ? अनाथ लड़की तो कहीं भी सुरक्षित नहीं होती, आपके समाज में तो और भी नहीं । पुरुष के नेत्रों की परिधानभेदी सूक्ष्म किरणें हर क्षण पीछा करती रहती हैं उसका । जानते हो, अनाथ लड़की तो केवल मांस भर होती है, बस... और कुछ नहीं”।

   तरुणी ने झकझोर कर रख दिया मुझे । मैंने हाथ जोड़कर कहा – “आपके रूप में समाज ने बहुत कुछ खोया है । काश ! मैं कुछ भी दुःख बाँट सकता आपका । जिस सभ्य समाज ने जन्म दिया है सोनागाछी को, उसके उद्धार का भी पूरा उत्तरदायित्व उसी पर है । आपके अनंत दुःखों के कारणों के उत्तरदायित्व से बच कैसे सकते हैं हम लोग ?” 

   तरुणी रूक्षता से तनिक मुस्कराकर बोली – “चलिये ! देह के अतिरिक्त भी कुछ “और” देखने का प्रयास तो किया आपने । हमारे लिये तो इतना सुख ही बहुत है”।  

   मैंने कहा – “फिर भी, विचार करके देखना, शायद बाहर आने का कोई मार्ग शेष हो । ...कभी मेरी आवश्यकता हो तो अवश्य याद करना... शायद आपके कुछ काम आ सकूँ ...”। 

   तरुणी ने बीच में ही हाथ जोड़कर कहा – “आप हमसे मिलने आयेंगे... ?”

   मैंने स्वीकृति में सिर हिला दिया ।

   चलते-चलते मैंने हाथ जोड़कर नन्दिता को भी नमस्कार किया । इस पर उसका मुँह आश्चर्य से खुला रह गया । अभी तक पाषाण बनी रही नन्दिता अनायास ही आश्चर्य और अप्रतिम सुखानुभूति से अभिभूत हो उठी । संभवतः उसे किसी नागरिक से इस आदर की आशा नहीं रही होगी । एक ही क्षण में उसने न जाने क्या पा लिया था... कदाचित कोई बड़ी अमूल्य निधि जिसे वह संजो नहीं पा रही थी । प्रति नमस्कार में उसने भी हाथ जोड़कर अपने माथे से लगा लिये । दुःखों के अथाह सागर में उसे मानो एक बूंद मीठे पानी की मिल गयी हो । उसकी आँखें बन्द थीं और चेहरे पर थी एक असीम सुखानुभूति । इन क्षणों को वह पूरी तरह आत्मसात कर लेना चाह रही थी ।

   जब हम चारो ओर से बरसने वाली नफ़रत के अभ्यस्त हो जाते हैं तो नफ़रत की यह आग तो बर्दाश्त हो जाती है पर प्रेम की एक बूंद भी कभी संयोग से टपक पड़े तो बर्दाश्त नहीं होती । मैंने देखा, नन्दिता के दोनो दीर्घ और निर्मल नयनों के स्थान पर अनवरत बहने वाले दो झरने बन गये थे ।

   यद्यपि भाषा के अवरोध का अब कोई अर्थ नहीं रह गया था तथापि मेरे लिये अब और वहाँ खड़े रहना संभव नहीं था । मन ही मन मैंने स्तुति की – “या देवी नारी शरीरेषु विवशता रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः”।