वे शोक मनाने निकले थे
शोक में शोक-प्रदर्शन यात्रा थी
यात्रा में लोगों की भीड़ थी
भीड़ शोकग्रस्त थी
शोकग्रस्त अतिउत्साही युवकों के हाथों में
तलवारें थीं
लोहे की छड़ें थीं
डंडे थे
बोरों में भरकर लाये गये पत्थर थे
वे सब शोकग्रस्त थे ।
यह शोकग्रस्त लोगों की
शोक-प्रदर्शन यात्रा थी
यात्रा का मार्ग पूर्व से सुनिश्चित था
भीड़ मनमानी थी
वह निर्धारित मार्ग से इतर मार्ग पर
जाने के हठ पर उतारू थी
पुलिस को भीड़ की मनमानी स्वीकार नहीं थी
भीड़ को पुलिस की व्यवस्था स्वीकार नहीं थी
भीड़ ने आक्रमण कर दिया
पुलिस पर...
आते-जाते लोगों पर...
आती-जाती बसों पर...
पुलिस की व्यवस्था पर...
शासन-प्रशासन पर...
भारत की स्वायत्तता पर...
भारत के लोकतंत्र पर... ।
यह शोकग्रस्त भीड़ की
एक शोकोत्सव यात्रा थी
भारत की राजधानी में ।
टीवी चैनल्स पर
अब बहस होगी
चीख-चीखकर कहेंगे साम्प्रदायिक गुरु
चीख-चीखकर कहेंगे साम्प्रदायिक विद्वान
चीख-चीखकर कहेंगे साम्प्रदायिक विश्लेषक
कि नहीं चाहिये उन्हें किसी से
प्रमाणपत्र
देशभक्ति का
यह देश किसी के बाप का नहीं है
वे वही करेंगे
जो वे करना चाहते हैं
क्योंकि वे सब शोकग्रस्त हैं
और यह देश किसी के बाप का नहीं है ।
