इतिहासकारों के अनुसार भारत पर विदेशी आक्रमणों का आरम्भ ईसापूर्व ५५० से हुआ जब पड़ोसी देश फ़ारस के राजा साइरस ने भारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा पर आक्रमण किया । इसके बाद समृद्ध भारत की सम्पत्ति के लालच में ईसापूर्व ५१६ में फारस के राजा दारियस ने सिंध पर आक्रमण किया । ईसापूर्व ३२६ में अस्कंदर (अलेक्ज़ेंडर) ने भारत पर आक्रमण किया । इसके बाद तो भारत पर विदेशी आक्रमणों की बाढ़ आ गयी ।
ऐसा सम्भव नहीं कि विदेशी आक्रमणों के समय भारत की धरती पर महीनों और कभी-कभी वर्षों तक रहने वाली विदेशी सेना ने यहाँ की स्त्रियों के साथ दैहिक सम्बंध स्थापित न किये हों । ग्रीकमूल का अस्कंदर तो भारत में १९ माह तक रहा, उसके बाद मेसेडोनिया वापस जाते समय तक्षशिला में अपनी सेना को छोड़ गया । हुंजा घाटी (गिलगित बाल्टिस्तान) के कलश अपने आप को अस्कंदर की सेना के वंशज मानते हैं ।
*किस्सा कार्लेनिया हेलेना का*
अस्कंदर के उत्तराधिकारी मैसेडोनिया के रोमन यूरोपस में जन्मे सेल्यूकस निकेटर से हुयी एक राजनीतिक संधि में चंद्रगुप्त मौर्य ने उसकी वर्णसंकर बेटी कार्लेनिया हेलेना से विवाह किया था । यह उनका तीसरा विवाह था । भारत में किसी विदेशी लड़की का संभवतः यह पहला विधिसम्मत विवाह था । इसके बाद समय-समय पर विदेशी गुणसूत्र भारत में वर्णसंकर संतानों को जन्म देते रहे हैं । युद्धप्रिय अस्कंदर ने फ़ारसी राजा दारा (दारियस) को युद्ध में पराजित कर ईसापूर्व ३२४ में उसकी सुलोचना बेटी स्तेतिरा और उसकी चचेरी बहन पैरीसैतिस से शुश (सूसा) में विवाह किया था । अपनी दोनों फारसी पत्नियों को मेसेडोनिया के स्लाव समाज के विरोध का सामना न करना पड़े इसलिये अस्कंदर ने अपने सेनापति सेल्यूकस निकेटर सहित अपने ८० उच्च राज्याधिकारियों को भी शुश में फ़ारसी लड़कियों से सामूहिक विवाह करने का आदेश दिया । तो इस तरह चंद्रगुप्त मौर्य की पत्नी कार्लेनिया हेलेना अपने ग्रीक पिता सेल्यूकस और फ़ारसी माता अपामा की वर्णसंकर संतान थी । यह वही सेल्यूकस था जिसने अस्कंदर की मृत्य के बाद सेल्यूसिड साम्राज्य की स्थापना की थी ।
तकनीकी सुविधाओं के इस युग में प्रेम, राजनीतिक बाध्यताओं और दैहिक आकर्षण से बहुत आगे बढ़कर वर्चुअल प्रेम की एक और धारा प्रवाहित हो चली है जिसने आज क्लियोपेट्रा और माताहारी को बहुत पीछे छोड़ दिया है । आज तो इश्कबाज अम्माओं की प्रेमगाथायें संदेहों के मेघों पर तिरती हुयी भारत और पाकिस्तान में चटखारों के साथ चर्चित हो रही हैं ।
