धर्म एक ही है इसलिये उसके अंतरण का प्रश्न ही नहीं उठता । जिस तरह ईश्वर एक ही है और इसी कारण उसका अंतरण या विकल्प सम्भव नहीं उसी तरह धर्म भी एक ही होने से उसका अंतरण या विकल्प सम्भव नहीं है । अंतरण के लिये बहुलता और विविधता का होना आवश्यक है । त्यागने और स्वीकार करने की क्रियाओं के लिये जिसे त्यागा और स्वीकार किया जाना है उनमें विविधता और विकल्प का होना अनिवार्य है । “धृतिः क्षमा दमोऽस्तेयं शौचमिन्द्रियनिग्रहः । धीर्विद्या सत्यमक्रोधो दशकं धर्मलक्षणम्”॥ इन उच्च मानवीय गुणों का व्यक्तिशः अभाव, न्यूनता या अधिकता तो हो सकती है किन्तु रूपांतरण असम्भव है ।
धर्म का अभाव अधर्म है, विधर्म नहीं । सत्य और करुणा जैसे गुण धार्मिक हैं किंतु यदि उनमें निष्पक्षता न होकर पक्षपातपूर्ण भाव हो तो वह धर्म की विकृति या विधर्म है । कलियुग में विधर्मियों की संख्या सर्वाधिक है जबकि अधर्मियों की संख्या सबसे कम है यहाँ तक कि “नो रिलीजन” समुदाय वाले भी अधार्मिक नहीं होते । वास्तव में नो रिलीजन भी एक मत है जो किसी भी सम्प्रदाय की मान्यताओं और बंधन में बँध कर नहीं रहना चाहता । सच्चे अर्थों में “नो रिलीजन” को मानने वाले ही सम्प्रदायनिरपेक्ष होते हैं ।
बोलचाल में जिसे धर्मांतरण कहा जाने लगा है वह वास्तव में विधर्म को स्थापित करने के लिये गढ़ा हुआ एक छद्म शब्द है । सत्य, प्रेम और मानवता जैसे मौलिक गुणों का अंतरण नहीं हो सकता । धर्मांतरण के नाम पर जो कुछ हो रहा है वह विचारांतरण, निष्ठांतरण और सभ्यतांतरण है ।
गुणों के अभाव में गुणाधान हो सकता है किंतु अंतरण उनका भी नहीं हो सकता । मधुर रस का विकल्प क्या हो सकता है भला! क्या प्रकाशांतरण और अंधकारांतरण जैसी क्रियायें सम्भव हैं! सूर्य और पृथिवी का रूपांतरण भी इनके विघटन के पश्चात ही सम्भव है । यह तो हुयी तात्विक बात, अब आते हैं उस उद्देश्य पर जिसके लिये बोलचाल में धर्मांतरण जैसे छद्म शब्द का प्रचलन सम्भव हो सका ।
विभिन्न समुदायों या सम्प्रदायों की जीवनशैली, निष्ठा और राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिबद्धता में विभिन्नतायें देखी जाती हैं इसलिये जब कोई व्यक्ति किसी एक समुदाय या सम्प्रदाय को छोड़कर किसी दूसरे समुदाय या सम्प्रदाय को स्वीकार करता है तो उसकी जीवनशैली के साथ-साथ निष्ठा और सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिबद्धताओं में भी परिवर्तन देखे जाते हैं अन्यथा नये स्वीकार किये गये सम्प्रदाय में उसकी स्वीकार्यता नहीं हो पाती । सम्प्रदाय की स्वीकार्यता के लिये उस सम्प्रदाय की परम्पराओं के अनुरूप आचरण-व्यवहार होना आवश्यक है अन्यथा उसे अलग-थलग कर दिया जाता है । दारा शिकोह, तस्लीमा नसरीन, अंबर जैदी, आरजू काजमी, काली दासी, वसीम रिजवी ‘त्यागी’ और तारिक फ़तेह जैसे लोगों की इस्लाम में स्वीकार्यता नहीं है । इसी तरह हिन्दुओं में भी बहुत से लोग ऐसे हैं जिनके आचरण-व्यवहार हिन्दू परम्पराओं के अनुरूप न होने से उनकी स्वीकार्यता नहीं है । जब हम हिन्दू से मुसलमान, ईसाई, यहूदी या पारसी बनते हैं तो वास्तव में अपनी जीवनशैली और निष्ठा में ऐसे परिवर्तन करते हैं जो हमें एक सम्प्रदाय की विशिष्ट पहचान देते हैं, तथापि यह आवश्यक नहीं कि हर सम्प्रदाय के सभी लोग अधर्मी ही हों, ऐसा होने पर तो समाज अधिक समय तक रह ही नहीं सकेगा । वास्तव में दुनिया का हर वह व्यक्ति सनातनी है जो प्रकृतिवादी, मानवतावादी, लोकहितवादी और अविस्तारवादी है ।
पूर्व के युगों में विचारांतरण और निष्ठांतरण के लिये बलप्रयोग की घटनायें सामान्यतः नहीं हुआ करती थीं किंतु कलियुग में यह सब सामान्य हो चला है । धर्मच्युत लोग साम्प्रदायिक घृणा, वैमनस्यता और सत्तालोभ से ग्रस्त होने लगे तो सम्प्रदायांतरण की घटनाओं की बाढ़ आती चली गयी । दो विदेशी समुदायों के लोग पूरे विश्व को इस तरह की घटनाओं से दहलाते रहे हैं । इन्हें धर्म से कुछ लेना-देना नहीं होता, ये केवल सत्ता और वर्चस्व के लिये अपने सम्प्रदाय के प्रति असाम्प्रदायिक लोगों पर अपनी निष्ठा आरोपित करने के लिये उनपर बलप्रयोग करते रहे हैं । दुर्भाग्य से पराधीन भारत में यह सब बहुतायत से होता रहा और अब भी हो रहा है जिसके परिणामस्वरूप कश्मीर से पंडितों को पलायन के लिये बाध्य किया गया और मणिपुर हिंसा ने तो पूरे देश को लज्जित किया ही है । हिंसा एवं पलायन की छुट-पुट घटनायें तो होती ही रहती हैं जिसके कारण आज भारत के हिन्दूबहुल राज्यों में भी हम अल्पसंख्यकों की श्रेणी में आ गये हैं । भारत में ही नहीं, पाकिस्तान में भी हिन्दुओं को अपनी सांस्कृतिक विचारधारा त्यागने एवं वहाँ की स्थानीय जीवनशैली और निष्ठा स्वीकार करने के लिये प्रताड़ित किया जाता रहा है । भारत के विभिन्न राज्यों में इन्हीं दो विदेशी सम्प्रदाय के लोगों द्वारा हिन्दुओं को हिन्दूविचारधारा त्यागने और उनकी विचारधारा अपनाने के लिये दी जाने वाली प्रताड़ना की घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है । इस सम्बंध में दृढ़ विधान बनाये जाने और कठोरता से उनके क्रियान्वयन की दिशा में आंदोलन किये जाने की आवश्यकता है अन्यथा हम सीरिया, ईराक और पाकिस्तान की तरह एक आत्मघाती देश बन जायेंगे ।
(क्रमशः...)
