चतुर व्यक्ति ने एक ईंट के आधे टुकड़े को अपने कूटशब्दजाल के प्रयोग से निर्माण में लगी कुल ईंट की आधी ईंट में रूपांतरित कर दिया । ईंट का वह आधा टुकड़ा भी उसका अपना नहीं था बल्कि उसे तो वह रास्ते में पड़ा हुआ मिला था जिसे उसने अपनी आधी ईंट कहकर दावा दायर कर दिया था । ऐसी ही एक और धूर्तता का नाम है गंगा-जमुनी तहज़ीब । गंगा-जमुना दोनों ही हिमालय से निकलती हैं, गंगा गोमुख से और जमुना यमुनोत्री से, दोनों ही सनातनियों की पवित्र नदियाँ हैं । दोनों ही नदियों का भारतीय उपमहाद्वीप की सभ्यता और संस्कृति के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, दोनों का उल्लेख भारतीय आर्षग्रंथों में होता रहा है, दोनों नदियाँ भारत की पहचान का एक हिस्सा रही हैं ...इस सब में तुम्हारा अपना अरबी क्या है ?
भारत तो सदा से गंगा-यमुना की तरह विभिन्न धाराओं के समाबेश का एकमात्र उत्कृष्ट उदाहरण रहा है । प्रयागराज के संगम में गंगा की श्वेत और यमुना की कृष्ण जलधाराओं को परस्पर मिलते हुये देखा जा सकता है । इसी तरह कन्नौज के महादेवी वर्मा घाट के पास काली नदी एवं गंगा की जलधाराओं को और धनुषकोडीरामेश्वरम् में हिन्द और सिंधु महासागरों की दो पृथक पहचान वाली जलधाराओं को परस्पर मिलते हुये देखा जा सकता है । तुमने नामों का घालमेल करते हुये सिंधु और हिन्द को एक कर दिया और सिंधु को, जिसे विदेशी लोग इरिथ्रियन कहते थे, अरब महासागर कहना प्रारम्भ कर दिया । सनातन की समावेशी विराटता के वास्तविक स्वरूप की एक झलक से परिचित होना चाहते हैं तो यहाँ प्रस्तुत हैं इसके दो उदाहरण ।
प्राचीनकाल में सृष्टि उत्पत्ति के सिद्धांत को लेकर ऋषियों के अपने-अपने विचार हुआ करते थे जिससे विद्वानों के सामने भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने लगी थी – “किं कारणं ब्रह्म कुतः स्म जाता जीवाम केन क्वच संप्रतिष्ठाः । अधिष्ठिताः केन सुखतरेषु वर्तामहे ब्रह्मविदो व्यवस्याम् ॥ कालः स्वभावो नियतिर्यदृच्छा भूतानि योनिः पुरुष इति चिंत्यम् ...” –श्वेताश्वतरोपनिषत् ।
इस भ्रम के निवारण के लिए किसी सर्वमान्य सिद्धांत के उद्देश्य से ऋषियों का एक सिम्पोजियम आयोजित किया गया जिसमें सृष्टि की उत्पत्ति पर वैज्ञानिक चिंतन-मंथन किया जाना था – “स्वभावमीश्वरं कालं यदृच्छां नियतिं तथा । परिणामं च मन्यंते प्रकृतिं पृथुदर्शिनः ॥ - सुश्रुत शारीर १/१०
आमंत्रित ऋषियों ने सृष्टि उत्पत्ति के विभिन्न कारणों यथा – स्वभावम् (Cosmic Nature), ईश्वरं (Ultimate cause of creation), कालं (Time factor), यदृच्छाम् (Natural Lust of creation), नियतिम् (Theory of inevitability), परिणामम् (Transformation) एवं प्रकृतिम् ( Nature) के खण्डन-मण्डन में अपने-अपने तर्क प्रस्तुत किये । तब कुछ ऋषियों ने सृष्टि उत्पत्ति को एक जटिल क्रिया-प्रतिक्रिया का परिणाम बताते हुये इन सभी सिद्धांतों के योगदान को समावेशित कर ब्रह्म को निमित्त कारण और प्रकृति आदि को उपादान कारण मानते हुये एक सर्वमान्य सिद्धांत प्रतिपादित किया ।
ऋषियों के एक अन्य Symposium में भ्रूण के अंगनिर्माण पर चर्चा होनी होनी थी । विषय था – भ्रूण का कौन सा अंग सबसे पहले निर्मित होता है । अपने-अपने विचार रखते हुये किसी ऋषि ने सिर तो किसी ने हृदय तो किसी ने किसी अन्य अंग का निर्माण सबसे पहले होने के पक्ष में तर्क प्रस्तुत किये । तब संगोष्ठी के निर्णायक मण्डल द्वारा प्रतिपादित किया गया कि भ्रूण के सभी अंगों-प्रत्यंगों का निर्माण एक साथ प्रारम्भ होता है और कालक्रम से वे पृथक-पृथक अवधि में अपनी पूर्णता को प्राप्त होते हैं ।
इसे कहते हैं वैज्ञानिक समावेशिता (गंगा-जमुनी तहज़ीब) और स्वीकार्यता जो सनातन के सबसे उत्कृष्ट गुण हैं । हमने तो चार्वाक जैसे अनीश्वरदवादियों के भी सम्प्रदाय को स्थान दिया । दूसरी ओर विश्व भर के वैज्ञानिक प्रयोगों के परिणामों को अस्वीकार करते हुये तुम तो अभी तक धरती को चटाई जैसा समतल और साकिन ही मानने के हठ पर अड़े हुये हो ।
