वैचारिक दरिद्रता, ऐंद्रिक दुर्बलता, अवैज्ञानिक अवधारणाओं और लौकिकरूढ़ियों ...आदि का सतत परिमार्जन करते हुये संशोधन करने की ऊर्ध्व-प्रवृत्ति सांस्कृतिक चेतना का प्रमाण है । संशोधन की इस प्रक्रिया में निरंतरता की अनिवार्य अपेक्षा है भारतीय संस्कृति की सनातनता और सभ्यता की श्रेष्ठता का यही रहस्य है ।

दूसरी ओर जो समाज शताब्दियों पुरानी रूढ़ियों और जड़ता के समर्थन में संशोधन और परिवर्तन का विरोध करता है उस समाज में किसी सांस्कृतिक चेतना की आशा कैसे की जा सकती है! जड़ता की निरंतरता प्रकृति के सिद्धांतों के विरुद्ध है । ब्रह्माण्ड के भौतिक पिण्डों में जड़ता है तो गतिशीलता भी है, क्रिया है तो प्रतिक्रिया भी है, निर्माण है तो विकृति भी है । जड़ता का स्थायित्व ‘संहार का आमंत्रण’ है, गतिशीलता पर विराम ‘मृत्यु’ है । यह समझने की आवश्यकता है कि दो विपरीत ध्रुवों के बीच की एक निश्चित दूरी को समाप्त या न्यून कैसे किया जा सकता है! जिन्होंने अंधकार में ही रहने का हठ कर लिया है उन्हें प्रकाश में कैसे लाया जा सकता है! अंधकार और प्रकाश की साझासंस्कृति एक शाब्दिक वितंडा मात्र है । एक समय में, एक स्थान में कोई एक ही रह सकता है – प्रकाश या फिर अंधकार । अंधकार को अपने अस्तित्व के लिए प्रकाश को समाप्त करना होता है ।    

समाज से जुड़ी एक मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया है संस्कार, इसमें भेद नहीं हो सकते, इसलिए किसी समाज में साझासंस्कृति जैसी कोई प्रक्रिया सम्भव नहीं है । सर्वलोकहितकारी विचार और कर्म संस्कार के अंतर्गत आते हैं । धूम्रपान, मिथ्याभाषण, चोरी, भ्रष्टाचार आदि विषय हमारे संस्कारों या अपसंस्कारों से जुड़े हुये हैं । इसमें साझा क्या हो सकता है ! क्या संस्कार और अपसंस्कार के बीच कोई समझौता सम्भव है ? क्या धूम्रपाननिषेध और धूम्रपान के बीच कोई मिलीजुली स्थिति सम्भव हो सकती है ? क्या भ्रष्टाचार और निष्ठा के बीच कोई समझौता सम्भव है ? क्या राष्ट्रद्रोह और राष्ट्रभक्ति के बीच कोई समझौता सम्भव है ? तब वह क्या है जिसे आप साझा-संस्कृति या मिलीजुली-संस्कृति कहते हैं ? वास्तव में यह सांस्कृतिक आक्रमण का एक छद्मप्रकार है जिसमें स्थानीय और विदेशी विचारों एवं जीवनशैली के घालमेल के माध्यम से भारतीय संस्कृति में विदेशी अपसंस्कृति की घुसपैठ का प्रयास किया जाता है ।

यहाँ मोतीहारी वाले मिसिर जी का वक्तव्य उल्लेखनीय है – “किसी समाज की संस्कृति में अपना भी स्थान बनाने के लिए अपसंस्कृति के वैचारिक अतिक्रमण को सुस्थापित करने का ही दूसरा नाम है मिलीजुली संस्कृति । प्यास लगने पर पानी पीना संस्कृति नहीं आवश्यकता है । निर्धन होने पर भी धन के लोभ में लोकविरोधी कार्य न करना संस्कृति है । संकट के समय अपनी मातृभूमि, अपने समाज और अपनी संस्कृति के साथ खड़े होना सभ्यता है” ।

भारत के सनातनी हिन्दुओं की स्वीकार्यता विश्व के सभी देशों में है । जब कनिष्क जैसे लोग भारत आकर भारतमय हो जाते हैं तब कोई टकराव नहीं होता । जब भारत के लोग अमेरिका जाकर अमेरिकामय हो जाते हैं तब कोई टकराव नहीं होता । टकराव तभी होगा जब हम किसी दूसरे देश में जाकर उसी देश के विरुद्ध उठकर खड़े हो जायँ और उस देश की मान्यताओं, वैज्ञानिक तथ्यों और दर्शन आदि के साथ ही उस देश के अस्तित्व के लिए भी संकट बन जायँ ।

यदि हम विदेशी आक्रमणकारियों के विचारों, जीवनशैली, लोकमान्यताओं, राजनैतिकसिद्धांतों, तत्वदर्शन, भाषा, रूढ़ियों, और अवैज्ञानिक अवधारणाओं के साथ भारतीय विचारों, जीवनशैली, लोकमान्यताओं, राजनैतिकसिद्धांतों, तत्वदर्शन, भाषा और वैज्ञानिक अवधारणाओं को मिश्रित करने की बात करते हैं तो यह भारत पर सांस्कृतिक आक्रमण को मान्यता प्रदान करना है । जब हम किसी विदेशी संस्कृति को स्वीकार करते हैं तो अपनी संस्कृति के कुछ अंशों का परित्याग करते हैं । प्रकाश और अंधकार की तरह संस्कृति और अपसंस्कृति, दोनों एक ही स्थान पर एक समय में साथ-साथ नहीं रह सकते, सम्भव ही नहीं है । किसी तत्वदर्शी व्यक्ति की दृष्टि में साझासंस्कृति और मिलीजुली संस्कृति जैसे छद्मविचार किसी सुसंस्कृत और सभ्य समाज के लिये किसी हलाहल से कम नहीं हैं ।