स्मरण कीजिये, चंद्रगुप्त ने हेलेना से विवाह किया तो विदेशीमूल की वधुओं के लिए भारत का एक रास्ता खुल गया। भारतीय समाज पर यह एक कायिक (Corporal) आक्रमण था। अरब और योरोप के आकर्षण में आबद्ध होने के बाद हम अरबी और योरोपीय भोजन के भी दास होते चले गये। अ-भारतीय आहार-विहार की दासता के आकर्षण के परिणामस्वरूप ही भारत में शाकाहार को भी मांसाहार के परिधान में परोसे जाने का प्रचलन चल पड़ा है। भारतीय आभिजात्य वर्ग प्रसन्न है कि हनुमान जी को अप्रसन्न किये बिना मंगलवार को भी मांस का सेवन करना अब अपराधबोधक नहीं रहा।
बिरियानी, मीट-कोम्बो, अनमटन-ढाबा-करी, अण्डा, मोक-मीट, कोम्बो-बेस्ड-बर्गर, लाहौरी-सीक-कबाब, अवध-सीक-कबाब, चिकेन, मटन-बर्गर, इवॉल्व्ड-प्लांट-मीट, पोर्क, ओरिएण्टल-मीट-बाल, रोगन-जोश और चिकेन-नगेट्स... आदि वे नाम हैं जो हरे पत्तों के पीछे से झाँक कर फुसफुसाते हुये अपने प्लाण्ट बेस्ड मीट होने का रहस्य बताने के बाद भरत नाट्यम के भरे मंच पर बेली नृत्य करने लगते हैं। मंच के कोने में दुबक कर खड़ा एक व्यक्ति धीरे से यह बताकर चुप हो जाता है कि उनके “माँस-उत्पाद” पशु-आधारित नहीं बल्कि वनस्पति-आधारित हैं, जिन्हें मांसाहार की अनुभूति के साथ किंतु बिना अपराध बोध के मंगलवार और गुरुवार को भी खाया जा सकता है।
लगभग छह बिलियन डॉलर का यह उद्योग अहिंसा के गीत गाते हुये तलवार के कोने से बहते हुये रक्त की अनुभूति कराता है। इस अनुभूति में ज़िबह की अनुभूति भी सम्मिलित कर ली जाय तो व्यापार का विस्तार और भी सुगम हो जायेगा। यह उद्योग चाहता है कि आपकी आत्मा थाली में परोसे गये वनस्पति-आधारित आहार को पवित्र और सात्विक स्वीकार करे किंतु आपका मन उसे मांस की तामसिक अनुभूतियों और स्वाद के साथ चटखारे मार-मार कर आनंद की अनुभूति करता रहे।
ये उद्योगपति मानते हैं कि लगभग 71% भारतीय अच्छी प्रोटीन के लिए मांसाहार का सेवन करते हैं। जो लोग मांसाहार का सेवन नहीं करते उन्हें भी मांसाहार की अनुभूति कराने के लिए ही “प्लाण्ट-बेस्ड मीट” की कल्पना की गयी। इन उद्योगों के दो उद्देश्य विचारणीय हैं - 1- “Cruelty-free and slaughter-free food items”. और “Food items made by plants and look, feel and taste like meat.” शाकाहार को पूरी तरह मांसाहार के रूप-स्वरूप और स्वाद के साथ प्रस्तुत करने की ऐसी कौन सी विवशता है? यह मानसिकता इस बात का प्रमाण है कि हमारे विचारों में शाकाहार पर मांसाहार की श्रेष्ठता का अधिरोपण किया जा रहा है।
अद्भुत अवधारणा है, बोले तो “गज़बे कॉन्सेप्टवा बा हो” – राम में रावण की अनुभूति, देवता में राक्षस की अनुभूति, मंदिर में कोठे की अनुभूति, कीर्तन में कामोत्तेजना की अनुभूति, भरत-नाट्यम में कैबरे और बेली नृत्य की अनुभूति, अहिंसा में हिंसा की अनुभूति, शाकाहार में मांसाहार की अनुभूति..., ये अनुभूतियाँ अनंत हैं, …इनकी दासता व्यापक है, …इनके उद्देश्य संकीर्ण हैं।
मोतीहारी वाले मिसिर जी मानते हैं कि मांस की भौतिक अनुपलब्धता को मांस की काल्पनिक उपलब्धता में परिवर्तित कराने का यह वैचारिक और औद्योगिक षड्यंत्र भारत के सनातनी मूल्यों और अध्यात्मिक निधि पर तामसिक वृत्तियों का सांकृतिक आक्रमण है।
भारत में “प्लांट-बेस्ड-मीट” के पहले भारतीय प्रतिष्ठान “अहिंसा-फ़ूड्स” के नाम से वनस्पति-आधारित मांस परोसने वाली Vezlay कम्पनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित बजाज जी क्या यह बताने का कष्ट करेंगे कि आपका उद्देश्य यदि गुणवत्तायुक्त वानस्पतिक प्रोटीन उपलब्ध करवाना है तो उसके रूप-स्वरूप और स्वाद को मांसाहार का जामा पहनाने का क्या साइंटिफ़िक औचित्य है? क्या आप यह सिद्ध करना चाहते हैं कि शाकाहार की अपेक्षा मांसाहार श्रेष्ठ है? “Imagine meats” के मालिक रितेश देशमुख और Genelia D’Souza जी! क्या आप यह बताने का कष्ट करेंगे कि शाकाहारियों की थाली में परोसे गये आहार को मांस जैसा दिखना आवश्यक क्यों है? “Good-Dot” के मालिक ए.डी.पी.एस.एस. एवं तरन्नुम भाटिया, “Evo-Foods” के मालिक श्रृद्धा भंसाली एवं कार्तिक दीक्षित, “Mister veg” के मालिक रूपिदर सिमरजीत सिंह, “Greenest” के मालिक शर्मा-कृष्णमूर्ति-जैन, एवं “Wakao” के मालिक एस. ढोंढ सहित अमित बजाज और रितेश देशमुख से भारत के शाकाहारी जानना चाहते हैं कि क्या आप पूरे समाज को शाकाहार की मौलिकता से वंचित करने का षड्यंत्र नहीं कर रहे हैं? क्या आप हमारी प्रकृति में तामसिकता का विष नहीं घोल रहे हैं?
सावधान! भारतीय चिंतन और जीवनशैली पर यह सांस्कृतिक और वैचारिक आक्रमण है।
