“मड़ई चलना है कि नहीं”?
“परेमिन का बहुत मन है । साथ चलेंगे तो अच्छा लगेगा” ।
“ठीक है, तुम परेमिन के साथ चली जाना मैं पद्मा के साथ चला जाऊँगा” ।
भीमा पलट कर जाने लगा तो जबीता ने चाल चली – “नारायणपुर में परेमिन की सहेली है, रात का खाना वहीं खायेंगे, खर्चा बचेगा” ।
भीमा ने मुड़कर जबीता की ओर देखा, मुस्कराया और सिर हिलाकर चल दिया । जबीता घर-गृहस्थी जोड़ने के लिये पैसे बचाने में माहिर थी और यही बात भीमा को बहुत अच्छी लगती थी । वह सोचता, थोड़ा-थोड़ा करके बहुत खर्च हो जाता है, पता नहीं चलता । जबीता उसकी घरवाली बनेगी तो ख़ूब पैसे जोड़ेगी । पैसे जोड़ना ज़रूरी है, बच्चे होंगे, उन्हें पढ़ाने-लिखाने के लिये बहुत पैसा लगेगा । रामसाय का बेटा वाल्टेयर में पढ़ता है, बताता है अच्छे कॉलेज में पढ़ाई के लिये बहुत पैसा खर्च करना होता है । जबीता अपने होने वाले बच्चों को बड़ा साहब बनाना चाहती है ।
तीनों ने तय किया कि भैंसमुण्डी से निकलकर पहले वे तीनों भानुप्रतापपुर जायेंगे, वहाँ बिछाई जा रही नई रेलपटरी देखने और फिर वहाँ से बस पकड़कर सीधे नारायणपुर । जबीता उत्साहित थी, नई रेलगाड़ी शुरू होने से इधर रायपुर और उधर जगदलपुर होते हुए वाल्टेयर जाना कितना सरल हो जायेगा । भीमा और जबीता के मन में वाल्टेयर के एक बड़े कॉलेज की बहुत सम्मोहक काल्पनिक छवि थी जहाँ उनके होने वाले बच्चे पढ़कर बड़े साहब बनेंगे ।
भानुप्रतापपुर में बड़ी-बड़ी दैत्याकार मशीनें देखकर तीनों को रोमांच हो रहा था । जबीता आज प्रत्यक्ष में जो देख पा रही थी उससे भी अधिक उसे देख पा रही थी जो अप्रत्यक्ष था, यानी रायपुर से जगदलपुर वाली रेल से वाल्टेयर के लिये जाते हुये अपने बच्चों को । परेमिन भौचक थी, कुछ दिन बाद अब यहाँ रेल चलेगी ।
नई रेलपटरी देखने के बाद तीनों ने नारायणपुर की बस पकड़ी । बस में जबीता भीमा के पास बैठी और परेमिन एकदम खिड़की के पास । बस में चढ़ने से पहले भीमा ने तीन जूरी चना बूट ले लिया था, रास्ते में खाने के लिये ।
मड़ई पहुँचते-पहुँचते शाम के चार बज गये । तीनों ने जल्दी से श्रृंगार किया और एक-दूसरे की कमर में हाथ डाले पहुँच गये मड़ई । परेमिन को चूड़ी-बिन्दी की दुकानें अपनी ओर खींचती थीं, जबीता को आकाश-झूला और भीमा को मड़ई की हर चीज ।
बस्तर के मड़ई-मेलों में घूमना किसी उत्सव से कम नहीं होता । लोग महीने भर पहले से तैयारी करते हैं और मड़ई के आसपास के गाँवों में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और मित्रों को ख़बर कर देते हैं । रिश्तेदार और मित्र भी खाने-पीने की अच्छी तैयारी करते हैं । मड़ई से लेकर घरों तक उल्लास और मस्ती का आलम रहता है ।
आकाश झूले के लिये लोग टूटे पड़ रहे थे । जबीता और भीमा को जिस झूले में स्थान मिला उसमें परेमिन को नहीं मिल सका, उसका मुँह उतर गया । दूसरे और तीसरे झूले में भी स्थान नहीं मिला परेमिन को । चौथे झूले में कुछ स्थान खाली था जिसे देखकर लोग एक-दूसरे को धकियाते आगे बढ़ने लगे । परेमिन को शहरी जैसे दिखने वाले एक अपरिचित जवान के पास बैठने को स्थान मिल सका ।
झूले में अपरिचित शहरी जवान परेमिन से एकदम चिपककर बैठा था । परेमिन को अच्छा नहीं लगा लेकिन वह कर भी क्या सकती थी, भीड़ में ऐसी विवशतायें स्वाभाविक हैं, कहाँ तक कैसे बचेगा कोई । शीघ्र ही वह गोठियाने लगा, पूछा – “कौन गाँव से हो”?
“भैंसमुण्डी, तुम”?
“भानुप्रतापपुर” ।
“सच्ची! सुबह तो हम गये थे भानुप्रतापपुर, नई रेल पटरी देखने” ।
परेमिन उत्साहित थी, पूछा – “तुम्हारा घर वहीं है”?
“हाँ! मैं शिक्षाकर्मी हूँ वहाँ” ।
परेमिन को अपनी देह से खूब चिपक कर बैठे अपरिचित जवान से अब कोई शिकायत नहीं थी ।
झूले में चढ़ते समय भीमा की मण्डली में तीन लोग थे, उतरते समय चार लोग हो गये थे । जो लोग यह नहीं जानते कि बस्तर एक हवा है जिसमें हर तरह की ख़ुश्बू आसानी से मिल जाती है, उन्हें ऐसी हवा से आभिजात्यपूर्ण नैतिकता के अभाव की शिकायत हो सकती है ।
देर रात तक नाचा देखने के बाद चारों लोग परेमिन की सहेली सुरसती के यहाँ पहुँचे । पूरा घर उत्सवमय हो गया । सुरसती के भाई ने मुरगा काटा और चाचा ने महुवे के खाँटी मन्द की व्यवस्था की । ऐसे निश्छल अपनत्वपूर्ण व्यवहार की कल्पना उनके लिये कठिन है जो औपचारिकता को सभ्यता का अनिवार्य हिस्सा मान बैठे हैं ।
दूसरे दिन की मण्डली में सुरसती और उसका बड़ा भाई भी जुड़ गया । जबीता ख़ुश थी और भीमा हमेशा की तरह सपनों में खोया रहा ।
सुरसती के भाई ने सबके लिये जलेबी खरीदी और भीमा ने तीनों लड़कियों के लिये रंगीन मनकों वाली माला ।
अपरिचित जवान, जो कि अब परिचित हो गया था, परेमिन के साथ सेल्फ़ी लेने की ज़िद कर रहा था । थोड़ी ना-नुकुर के बाद वह तैयार हो गई । परेमिन को वह अच्छा लगने लगा था ।
घूमते-घूमते सब थक चुके थे और सुस्ताने के लिये पेड़ के नीचे बैठ गए । जवान ने परेमिन से कहा – “रेल लाइन के लिए ख़ुश होने की ज़रूरत नहीं है । ज़ल्दी ही सबको पता चल जाएगा कि यह कितनी बुरी चीज है” ।
परेमिन को आश्चर्य हुआ, और थोड़ा सा डर भी । तो क्या रेल के साथ-साथ बुरी आत्मायें भी यहाँ आने वाली हैं?
“हे बूढ़ा देव! हमारे गाँव की रक्षा करना”! – परेमिन मन ही मन बुदबुदायी ।
दूसरे दिन भानुप्रतापपुर वाला अपरिचित जवान परेमिन का परिचित बनकर वापस चला गया । जाते-जाते उसने परेमिन से पूछा – “मिलने आओगी भानुप्रतापपुर” ?
जबीता का मन नहीं भरा था मेले से, वह अभी एक दिन और घूमना चाहती थी । सुरसती और उसके भाई को घर में काम था इसलिये भीमा, जबीता और परेमिन ही रह गये । दिन भर घूमने के बाद जब तीनों एक जगह बैठ कर भजिया खा रहे थे तो अचानक ही कुछ पुलिस वाले आ गए और भीमा को पकड़ कर ले जाने लगे । जबीता और परेमिन ने उनकी बहुत चिरौरी की लेकिन वे नहीं माने । दोनों लड़कियाँ रोने लगीं, वहाँ भीड़ लग गई ।
दादा लोगों की बैठक में जाने के कारण भीमा को पुलिस ले गई, जबीता और परेमिन भागे-भागे सुरसती के घर गए और रोते-रोते सारी बात बतायी । सुरसती के भाई ने थाने जाकर पता लगाने का प्रयास किया पर उसे वहाँ से डाँट कर भगा दिया गया । अगले दिन वह एक गुरु जी को लेकर थाने गया । साथ में जबीता, परेमिन और सुरसती भी थीं । परेमिन ने थाने के साहब को बताया कि सबको पता है गाँव में रहना है तो दादा लोगों की बैठक में तो सबको जाना ही पड़ेगा, इसमें नया क्या? लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं कि भीमा माओवादी है ।
पूरे दिन वे सब थाने में पुलिस वालों की मनुहार करते रहे । सुरसती के भाई ने घर से मुर्गा लाकर एक पुलिस वाले को दिया । इस बीच पुलिस वाले जबीता से बात करते रहे । तय हुआ कि पूछताछ के बाद शाम तक भीमा को छोड़ दिया जाएगा । दोपहर बाद एक सिपाही अपनी बाइक पर जबीता को बैठाकर किसी साहब के यहाँ ले जाने के लिये निकला ।
सिपाही देर रात तक वापस आया, बाइक के पीछे जबीता बैठी थी, जैसे कोई पत्थर । बाइक रुकने के बाद भी जबीता उस पर बैठी ही रही, उसे सुरसती ने पकड़कर उतारा ।
थोड़ी देर में भीमा को छोड़ दिया गया । वह पास आया तो जबीता ने उसे पथरायी आँखों से देखा किंतु कुछ बोली नहीं । वह भीमा की मुक्ति के लिये मनचाही कीमत अदा कर चुकी थी ।
इस घटना को हुये कई महीने बीत गए । परेमिन अपने भानुप्रतापपुर वाले प्रेमी के साथ जनवादी क्रांति के लिये माओवादी गुट में शामिल हो गई थी । भीमा पुलिस वालों का दुश्मन बन चुका था, उसे दादा लोगों की सहानुभूति मिली और वह हार्डकोर माओवादी बन गया । जबीता गाँव में अकेली रह गयी । पुलिस वाले कभी-कभी गाँव आकर जबीता से भीमा का पता पूछने आते और दो-तीन घण्टे में निपटकर वापस चले जाते ।
परेमिन और उसका प्रेमी अजय अपनी नई दुनिया में ख़ुश थे । उन्हें गर्व था कि वे एक महत्वपूर्ण क्रांति के योद्धा हैं । एक ऐसी क्रांति जिसके बाद बस्तर में केवल अमन-चैन होगा । जंगल और जमीन उनकी होगी । कोई जाति नहीं होगी और सब एक जैसे सम्मान के अधिकारी होंगे ।
परेमिन और अजय माओवादी हिंसक घटनाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते और स्वयं को अपने बाकी साथियों से कहीं अधिक क्रूर और हिंसक प्रमाणित करने का प्रयास करते । किंतु एक दिन यह राज खुल गया कि परेमिन और अजय के बीच कुछ चल रहा है । कमाण्डर ने उन दोनों को समझाया कि क्रांति के काम में प्यार-मोहब्बत और शादी जैसी तुच्छ बातों के लिये कोई स्थान नहीं होता । ज़ल्दी ही उन दोनों को ज़रूरी मिशन के लिये अलग-अलग भेज दिया गया । अजय को दुर्गुकोन्दल और परेमिन को कोण्टा ।
कोण्टा जाकर परेमिन कुछ दिन तो जनवादी क्रांति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही पर ज़ल्दी ही वह एक और क्रांति की शिकार हो गई । वह अच्छी तरह समझ गई कि जनवादी क्रांति के आदर्शों का सत्य स्री की देह के साथ किस तरह व्यवहार करता है । उसे बताया गया कि स्त्री-पुरुष सम्बन्धों के लिये विवाह एक अनावश्यक झमेला है । यह दुष्ट मनुवादियों और ब्राह्मणों की एक घृणित चाल है जो औरत को उसके अधिकारों से वंचित करती है । उसे यह भी बताया गया कि धूर्त ब्राह्मणों का बनाया यह ज़ालिम समाज पुरुषों को तो चकलाघर जाने से रोक नहीं पाता इसलिये उसका सारा जोर औरत पर ही चलता है । तर्क दिया गया कि यौन सम्बन्धों के लिये जो स्वच्छन्द अधिकार पुरुषों को प्राप्त हैं वे स्त्रियों को भी क्यों नहीं दिए जाते?
परेमिन यह भी समझ गयी कि जनवाद का एक अर्थ उन्मुक्त भोग भी है ।
स्त्री-पुरुष सम्बन्धों के अभी तक रचित
तमाम सिद्धांतों के बाद भी स्त्री देह प्राकृतिक मर्यादा की अपेक्षा करती है । इस मर्यादा के टूटने पर देह और मन दोनों को बगावत करने से कोई रोक नहीं सकता । अंततः परेमिन ने भी एक दिन बगावत कर ही दी ।
ज़ल्दी ही एक मुठभेड़ में परेमिन को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा । किंतु कोई यह कभी नहीं जान सकेगा कि उसकी मौत पुलिस की गोली से हुयी थी या किसी और की गोली से ।
अजय ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है । भीमा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, जबीता गूँगी हो गई है और एक पुलिस वाले साहब के घर में झाड़ू पोंछा लगाने और खाना पकाने से लेकर वह सारे काम करती है जिसकी साहब को आवश्यकता होती है ।
इस बार फरवरी में फिर नारायणपुर की मड़ई सजी है । जहाँ मड़ई लगती है उसके पास वाला वह पेड़ सूख गया है जिसके नीचे कभी भीमा, जबीता, परेमिन, अजय, सुरसती और उसके भाई ने बैठकर भजिया और जलेबी खायी थी । बिजली के खम्भे पर अक्सर आकर बैठने वाला नीलकण्ठ भी अब वहाँ नहीं आता ।
