(किस्सा मेडिकल किडनैपिंग का)
बी.एस.सी. सिनेमा में जाने से पहले वह बायोटेक्नोलॉज़ी और उससे भी पहले फ़ॉरेंसिक साइंस का छात्र रह चुका था इसलिये मानव-स्वास्थ्य के वैज्ञानिक तथ्यों से बहुत कुछ परिचित था । फ़िल्म सिटी नोयडा में रहते हुये जनवरी 2023 में एक रात उसे सीवियर डायरिया और वोमिटिंग होने लगी जिससे कुछ ही घंटो में वह डिहाइड्रेशन का शिकार हो गया । पड़ोसियों ने उसे नोयडा के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया जहाँ डिहाइड्रेशन के रोगी को यूरेथ्रल कैथेटर लगा दिया गया और दूसरे दिन वोमिटिंग और डायरिया बंद हो जाने के बाद उसे आईसीयू में रखा गया । कई तरह की जाँचें की गयीं जिनमें उसे डायबिटीज़ टाइप 2, फ़ैटी लिवर ग़्रेड 2, अपेंडीसाइटिस और पैंक्रियाटाइटिस डायग्नोस किया गया । मुझे सूचना दी गयी कि अपेण्डीसाइटिस का तुरंत ऑपरेशन करना होगा ।
मैंने हॉस्पिटल रिसेप्शनिस्ट को सारी जाँच रिपोर्ट्स मुझे मेल करने को कहा । सब कुछ देखने के बाद मुझे बहुत कुछ गड़बड़ी की आशंका हुयी । वास्तव में डायरिया और वोमिटिंग के कारण उसे केवल डिहाइड्रेशन हुआ था । मैंने लखनऊ वाले छोटे भाई से बात की उसने छूटते ही कहा कि उसे किडनी चोरी की आशंका हो रही है ।
अचिंत्य ने फ़ोन पर मुझसे कहा कि उसे कैथेटर से परेशानी हो रही है और डॉक्टर ने उसे निकालने से मना कर दिया है । दो दिन तक उसे मुँह से कुछ भी खाने-पीने को नहीं दिया गया था । उसने तीसरे दिन स्वयं को डिस्चार्ज़ करने की मिन्नतें कीं पर डॉक्टर्स नहीं माने, तब उसने अपनी पढ़ायी-लिखायी के बारे में उन्हें जानकारी दी, इससे डॉक्टर्स और चिढ़ गये और नर्सों ने तो डाँट भी दिया ।
उधर स्टाफ़ के लोग मुझसे बात तक करने को तैयार नहीं थे । अगली सुबह रिसेप्शनिस्ट को मुझे अपना परिचय देना पड़ा इसके बाद भी उसने कहा कि उनके डॉक्टर बाहरी डॉक्टर से बात नहीं करते हैं । जब मैंने शिकायत करने की धमकी दी तब वहाँ की डॉक्टर दोपहर बाद बात करने के लिये तैयार हुयी, वह भी...मात्र बीस सेकेण्ड । मैंने कहा कि आप कोई ऑपरेशन मत कीजिये, जो कुछ करना होगा मैं रायपुर एम्स में करवा लूँगा । उसने ले जाने का साधन पूछा तो मैंने उसे राजधानी एक्सप्रेस से तत्काल रिज़र्वेशन की जानकारी दी । डॉक्टर ने ठनगन दिखाया पर अंत में इस शर्त पर तैयार हो गयी कि राजधानी ट्रेन का रिज़र्वेशन रद्द करवाकर अचिंत्य को फ़्लाइट से रायपुर शिफ़्ट किया जाय । मुझे उसके लिये भी हाँ बोलना पड़ा और लखनऊ से छोटे भाई को नोयडा जाने को कह दिया । भाई अगले दिन सुबह ग्यारह बजे के पहले ही नोयडा पहुँच गया इसके बाद भी उसे डिस्चार्ज के लिये शाम चार बजे तक प्रतीक्षा करनी पड़ी ।
डॉक्टर ने कैथेटर के साथ ही अचिंत्य को रायपुर जाने का निर्देश दिया जिसके लिये उसने साफ मना कर दिया और बताया कि उसे यूरेथ्रा में बर्निंग सेंसेशन और ईचिंग हो रही है, साथ ही उसे यूरिन का प्रेशर भी बन रहा है । मुझे एक बार फिर हॉस्पिटल स्टाफ़ से अनुरोध करना पड़ा, किसी तरह कैथेटर निकाला गया । अपरान्ह पाँच बजे अचिंत्य अपने नोयडा आवास में आ गये । आते ही उसने ब्रश किया जो कि उसे इतने दिनों से नहीं करने दिया गया था, फिर स्नान किया । मैं हर पल की जानकारी ले रहा था । स्नान के समय उसे सामान्य यूरिन हुयी जो एक पॉज़िटिव लक्षण था और मेडिकल डैकैती का जीता जागता प्रमाण भी । रात को आठ बजे मैंने फिर फ़ोन किया तो पता चला कि जो अभी कुछ घण्टे पहले तक आई.सी.यू. में था वह रात के आठ बजे पैदल जाकर अकेले ही नोयडा की मार्केट में नीबू ख़रीद रहा था ।
अचिंत्य ने रायपुर एम्स में जाने की अपेक्षा मेरे पास जगदलपुर ही आना उचित समझा । वह सामान्य था फिर भी मैंने केवल फ़ैटी लीवर के लिये घर पर ही उसकी चिकित्सा की । जिसे डायबिटीज़ टाइप 2, पैंक्रियाटाइटिस और अपेण्डीसाइटिस जैसी व्याधियाँ बता दी गयी थीं वह अब पूरी तरह स्वस्थ था ।
दिल्ली और नोयडा ही नहीं भारत भर में मेडिकल डकैतों के गिरोह सक्रिय हैं । आम जनता जिन्हें धरती का भगवान मानती है वे अब डकैत बन चुके हैं । अपने छात्र जीवन से ही मैं अपने कुछ प्रोफ़ेसर्स के सम्पर्क में आया तो पाया कि वे डॉक्टर के वेश में डाकू हैं । स्वयं चिकित्सक होते हुये भी मैं इस प्रोफ़ेशन के लोगों के प्रति अपने मन में सम्मान का भाव नहीं ला सका । पहले इस तरह के डाकुओं की संख्या बहुत कम हुआ करती थी, आज तो इन्हीं का बोलबाला है । मैं दुःखी हूँ कि हमारे देश में आम आदमी को इलाज़ के नाम पर किस तरह लूटा जाता है । कोरोना काल में तो इन्होंने सारी सीमायें ही तोड़ डाली थीं । स्थिति इतनी गम्भीर है कि एक डॉक्टर दूसरे डॉक्टर को भी लूटने से नहीं छोड़ता, विशेषकर शासकीय सेवाओं में, जहाँ प्रशासनिक अधिकारी खुल कर अधीनस्थ डाॅक्टर्स से रिश्वत माँगने से नहीं झिझकते ।
