१. *सियासत*

मर गया इंसान
हिन्दू-मुस्लिम के बीच
ज़िंदा है सियासत
हर हाल में लेकिन ।  

२. *सर्वोपरि*
लोकतंत्र में
जिसे भी मान लिया सर्वोपरि
उसी ने कर दी हत्या
सत्य की ।

३. *सच*
छोड़ क्यों नहीं देते
सत्यमेव जयते की झूठी दिलासा
मान क्यों नहीं लेते
यह सच
कि नहीं होती है विजय
सत्य की,
असत्य का तंत्र
बहुत संगठित और सुदृढ़ है ।

४. *खूबसूरती*
गाँव बड़ा ख़ूबसूरत था
लोग भी
बहुत अच्छे थे,
लुभावनी थी हर चीज वहाँ की
पता चला
हम पिण्डारियों के गाँव में खड़े थे ।

५. *अनुकरण*
क्रूर यौनदुष्कर्म
फिर उससे भी अधिक क्रूर
कई और यौनदुष्कर्म ।
क्रूर साम्प्रदायिक हिंसा  
फिर उससे भी अधिक क्रूर
कई और साम्प्रदायिक हिंसायें ।
अनुकरण की अद्भुत क्रूर गाथायें
हस्तांतरित हो रही हैं
अगली पीढ़ियों को ।

६. *ढके चेहरे*
‘साँच को आँच नहीं’ 
फिर क्यों ढकते हैं चेहरे
मार्क्स बाबा के चेले ?
किससे छिपाते हैं वे
अपने आपको ?
हमने तो अपराधियों को देखा है
चेहरे छिपाते हुये ।