आज से लगभग चालीस वर्ष पूर्व बस्तर में सरकारी चिकित्सा व्यवस्था से जूझते डॉक्टर वाकणकर की कहानी लिखने वाले उदय प्रकाश की लम्बी कहानी “और अंत में प्रार्थना” पढ़ने के बाद उनसे मिलने की बड़ी तीव्र इच्छा हुयी थी । संयोग से ज़ल्दी ही ऐसा अवसर आ भी गया । मैं एन.एस.डी. के एक कार्यक्रम में दिल्ली गया था, तभी पता चला कि उदय जी एक-दो दिन पहले ही मुम्बई से दिल्ली आये चुके हैं । उनके नये आवास पर पहुँचा, बस्तर पर चर्चा हुयी । कहानी पर चर्चा के बाद अचानक उदय जी ने पूछा – “डॉक्टर वाकणकर से मिलना चाहोगे?” 
“...लेकिन उनकी तो हत्या हो चुकी है” - मैंने आश्चर्य से प्रतिप्रश्न किया । वे बोले – “बस, कहानी में यही अंश काल्पनिक है । दर-असल उन्हें इतना पीटा गया था कि वे दोबारा चल-फिर सकने योग्य नहीं रहे । उन्हें स्पाइनल इंजूरी हो गयी और वे मरने से भी बदतर स्थिति में जीने के लिये बाध्य हो गये” । 
मैंने पूछा – “कहाँ मिलेंगे”? उन्होंने बताया – “ग्वालियर में”।
कुछ देर चुप रहकर मैंने कहा – “मैं साहस नहीं जुटा पा रहा हूँ, उनकी ऐसी स्थिति में ...”। वे तुरंत बोले – “इसीलिये... इसीलिये मुझे कहानी में उनकी बेदम पिटायी को हत्या में बदल देना पड़ा”।

डॉक्टर वाकणकर की हत्या तो नहीं हुयी, उन्हें बेदम मार-पीट कर अपनी मौत मरने के लिये छोड़ दिया गया था पर उस नैतिकता की हत्या अवश्य हुयी थी जिस पर प्रवचन करने में कोई भी पीछे नहीं रहता ।