तुमने कहा, हमने आज़ादी पाई,
पर क्या ये वही आज़ादी है,
जो मरी हुई आंखों में झलकती है?
जहां अस्पताल की सफेद दीवारें
किसी श्मशान से कम नहीं लगतीं।
वो आज़ादी, जिसे हमने पूजा था,
क्या यही है वो आज़ादी,
जहां न्याय की देवी अपनी
आंखों पर पट्टी बांध कर
चुपचाप तमाशा देखती है?
कहते हो, ये लोकतंत्र है,
जहां हर इंसान की आवाज़ सुनी जाती है,
पर कहां है वो आवाज़,
जो दीवारों के भीतर दबी रह जाती है और
किसी संसद के दरवाजे पर दस्तक नहीं देती।
किसी ने कहा,"फांसी होनी चाहिए"
पर किसे फांसी होनी चाहिए?
उस बेबस न्याय को,
या फिर उन आंखों को,
जिन्होंने सब कुछ देखा और फिर भी चुप रहीं?
क्या ये वही आज़ादी है जो
नेताओं के वादों और भाषणों में बिकती है,
और सड़कों पर अपराध की
आवाज़ ज़ोर से चिल्लाती है?
उन तीन रंगों का क्या मतलब रह जाता है
जब देश के नक्शे पर लाल रंग उभरता है,
कभी मणिपुर से तो कभी बंगाल से…
क्या ये वही देश है,
जिसे कभी शहीदों ने अपने खून से सींचा था?
क्या यही उनकी आज़ादी का सपना था?
– Karan {Köhām}

