गर्भनाल से जुड़कर


सहज सीधा संबंध बन जाता है

माँ और बच्चे का..


शायद इसीलिए


यह रिश्ता दिखता है सभी को

खुली आँखों से..


और रच दी जाती हैं तमाम कविताएँ

कहानियाँ और किस्से

माँ के त्याग बलिदान और प्रेम पर..


पर पिता..


शायद इतना सहज नहीं है ये रिश्ता

नारियल के खोल में छिपी गिरी जैसा है ये


सख्त सी दिखती इस आत्मा में

नेह का मीठा सोता बहता है


जो थकान हताशा और निराशा में

तृप्त करता संतान को


और देता है हिम्मत फिर से

जीवन संग्राम को जीत लेने की


~कनु