युद्ध है
विराम नहीं
यहाँ एकत्रित ज़रूरत के लिए
अपना-अपना ईमान बेचते हैं।

थोड़े से जीवन में
बड़ा-सा मन ख़रीदते और बेचते हैं
तड़पते सिसकते मनुष्य को
तड़पता हुआ बस देखते हैं।

कर्तव्यपथ का धर्मयुग नहीं हैं ये
धर्मांधता की कटार लेकर कुछ लोग
सिर्फ़ घृणा करते हैं।

ख़ुद की श्रेष्ठता का अफ़ीम पीकर
दिमाग़ में उठने वाला ख़्याल का भी
अस्तित्व धूल-धूसरित करते हैं।

धरा की पीड़ा को
लगता है
कभी नहीं समझेंगे
कलंकित यक़ीन रखकर
जान लेना ख़ुदा की राह समझते हैं।
-© कामिनी मोहन।