चाहे व्याकुल मन के तार टूटे
संभावना उतरे ख़ामोशी में
चाहे दुख के सागर फूटे
गहरे तम की मदहोशी में

संभावना के क्षण-क्षण में
गुरुत्वाकर्षण होता है
स्वर-बद्ध रंगों का क़ाफ़िला लिए
यह यात्रा पर होता है

चीख़-पुकार की संभावना नहीं
वक़्त पर आगे बढ़ना पड़ता है
ख़ुद पर क़ाबू को भाँपकर
रात-दिवस चलना पड़ता है

वक्तव्य रच रही कविता
सफ़र के मंतव्य की है साहसी संभावना
घर बाहर सड़क पर गूँजती
निर्विकल्प जीवन की निर्बाध संभावना।

- © कामिनी मोहन पाण्डेय।