जितने दिन काशी में रहूँगा
निश्चिंत रहूँगा
गलियाँ जो मुझे मंज़िल तक पहुँचाती है
उनकी निरंतरता को देखता रहूँगा
अविमुक्त क्षेत्र में मुक्ति को आगे बढ़ता रहूँगा।

निसंकोच घाट की सीढ़ियों से
अनवरत बहती गंगा जल को
हाथो में लेकर सिर-माथे धरूंगा।
माथे की गरमाहट को
थोड़ा ठंडक थोड़ा सुकून दूँगा।

बनारस में कोई गया गुज़रा कभी नहीं रहा
यह सबकी स्मृतियों की राख को संजोकर रखता है
भूलता नहीं निरंतर जागता और देखता है।

दिन-रात दुहाई राम नाम के सत्य की देता है
सबके कानों में राम नाम की मिश्री घोलता है
जो फाँक रहा धूल जिंदगी की
वो भी फक्कड़ निर्लिप्त रहता है।

यह जिंदा शहर कविता रचता है
शायद सबको श्मशान क्षेत्र का
आकर्षण खींचता है
कविता के शब्द-देह से आती गंध
सबको घेरता है।

मैं,
अनर्थ और व्यर्थ का अर्थ
क़तई नहीं देखता हूँ
खींचकर हाथों और
मींच कर आँखों को
जो हैं बाकी
उसे खोजता हूँ

रोज़ सुबह-ए-बनारस की
अप्रतिम लालिमा लिए
किरण-गान में किरण-किरण
अनवरत बंधता चलता हूँ।

और जब भी उतरता हूँ
शहर की भीड़ में
जीवन मुझे और मैं जीवन को निमंत्रण देता हूँ।

-© कामिनी मोहन पाण्डेय।