एक अव्यवस्थित ढेर है
जिसे वर्गीकृत करना चाहता हूँ
भावनाएँ जो आत्मा को उजागर करती हैं
चाकू से उनकी परतों को हटाकर
नंगा करके देखना चाहता हूँ।

ऐसी कविता जो अंतर्मन के बाहर
छलकती रहती हो
उसमें उतरना चाहता हूँ।

गतिविधियों, प्रतिक्रियाओं
और तालिकाओं का कोई अंत नहीं है
डूबो, डूबो, और डूबो कहते हुए इतना डूबे
जिसका कोई अंत नहीं चाहता हूँ।

कविता जो हैरान-परेशान करके
आत्म समाधान करती हो
उसका चेहरा भूल भी जाए तो क्या हुआ
उन चेहरों पर दर्ज़ कविता की
शानदार आवाज़ें सुनना चाहता हूँ।
-© कामिनी मोहन।