हमने सुनी है
पानी की पुकार
हमने सुनी है
एक-एक बूँद की फुँकार
हमने सुनी है
पानी चढ़ता
और उतरता है
तपती रेत के गुबार में
आँखों में उमड़ता
सूखे जीभ पर फिरता है
नहीं उतरता देह का बुखार
आँखों से देख, कानों से सुन
पानी प्यासा ही रहता है
पानी और प्यास निचोड़कर
पहाड़ खड़ा है आज भी
उसी मोड़ पर
जहाँ से नदी चली थीं उसे छोड़कर।
- © कामिनी मोहन पाण्डेय।

